Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. मतदान खत्म, अब कल खुलेगा DUSU का चुनावी पिटारा, जानें किस पद पर किसका मुकाबला और क्या रहे मुद्दे?

मतदान खत्म, अब कल खुलेगा DUSU का चुनावी पिटारा, जानें किस पद पर किसका मुकाबला और क्या रहे मुद्दे?

By HO BUREAU 

Updated Date

मतदान खत्म, अब कल खुलेगा DUSU का चुनावी पिटारा, जानें किस पद पर किसका मुकाबला और क्या रहे मुद्दे?

Delhi : दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2026 के लिए शुक्रवार को मतदान खत्म हो गया। सुबह से ही नॉर्थ कैंपस से लेकर साउथ कैंपस और अलग-अलग कॉलेजों तक चुनावी हलचल दिखाई दी। कहीं छात्र वोट डालने के लिए कतार में खड़े नजर आए तो कहीं कॉलेज गेट के बाहर समर्थकों की भीड़, नारेबाजी और चुनावी पर्चियों ने माहौल को गर्म बनाए रखा। अब सभी की नजर 19 सितंबर को होने वाली मतगणना पर है।

पढ़ें :- EPFO में बड़ा बदलाव! वेतन सीमा में हुई ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000, जानें सबकुछ

चार बड़े पदों के लिए हुआ मुकाबला

DUSU के केंद्रीय पैनल में इस बार चार पदों,अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव,के लिए चुनाव हुआ। अंतिम सूची के मुताबिक अध्यक्ष पद के लिए 7, उपाध्यक्ष के लिए 5, जबकि सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए 4-4 उम्मीदवार मैदान में रहे।

ABVP ने अध्यक्ष पद के लिए यश डबास, उपाध्यक्ष के लिए इशु मौर्य, सचिव के लिए रिया छावड़ी और संयुक्त सचिव के लिए लक्ष्य राज सिंह को मैदान में उतारा। NSUI की ओर से अध्यक्ष पद पर विजय शंकर मीणा, उपाध्यक्ष वीर छत्रथ, सचिव नम्रता चौधरी और संयुक्त सचिव गोपाल चौधरी उम्मीदवार रहे। AISA-SFI गठबंधन ने अध्यक्ष पद पर अनन्या रतूड़ी, उपाध्यक्ष अक्षत शिखर, सचिव स्टैंजिन डेस्क्योंग और संयुक्त सचिव बी. परिजात को उतारा। इस बार AAP की छात्र इकाई ASAP ने भी पहली बार DUSU चुनाव में हिस्सा लिया।

चुनाव में हॉस्टल से लेकर सुरक्षा तक बड़े मुद्दे

इस बार चुनावी बहस में सबसे प्रमुख मुद्दों में छात्रों के लिए सुरक्षित और किफायती आवास रहा। हालिया सत्य निकेतन हादसे के बाद हॉस्टल और PG की सुरक्षा का सवाल और ज्यादा चर्चा में आया।

ABVP ने नए हॉस्टल, Student Housing Cell और हेल्पलाइन, लड़कियों के लिए अलग हॉस्टल, PG और हॉस्टल के सुरक्षा ऑडिट, महिला सुरक्षा, परीक्षा सुधार और प्लेसमेंट जैसे मुद्दों को अपने घोषणापत्र में रखा।

पढ़ें :- राहुल गांधी को इतिहास पढ़ना चाहिए, कांग्रेस सहयोगियों को खत्म करती है : किरेन रिजिजू

NSUI ने अपने 19 सूत्रीय घोषणापत्र में हर कॉलेज में हॉस्टल, सस्ता मेट्रो पास, 24 घंटे लाइब्रेरी, सब्सिडाइज्ड कैंटीन, बेहतर पानी और वाई-फाई, परीक्षा और री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया में पारदर्शिता जैसे वादे किए।

वहीं AISA-SFI ने हॉस्टल, किराये और छात्रों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाया। AAP की छात्र इकाई ASAP ने ‘Badlav Ka Manifesto’ जारी कर शिक्षा, हॉस्टल, फीस, कैंपस सुविधाओं और छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों को अपने एजेंडे में रखा।

मतदान के दिन भी दिखी चुनावी गर्मी

हाई कोर्ट की सख्ती के बावजूद मतदान के दौरान कुछ कॉलेजों के बाहर चुनावी पर्चियां सड़कों पर बिखरी दिखाई दीं। श्याम लाल कॉलेज के बाहर आतिशबाजी और नारेबाजी के दृश्य भी सामने आए। यानी मतदान केंद्रों के भीतर प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन कई जगह बाहर चुनावी उत्साह और समर्थकों की गतिविधियां भी नजर आती रहीं।

मतदान से पहले झड़पों ने बढ़ाई थी चिंता

चुनाव से पहले लॉ सेंटर-1, मोतीलाल नेहरू कॉलेज और सत्यवती कॉलेज समेत कुछ परिसरों से विवाद और झड़प की घटनाएं सामने आई थीं। मोतीलाल नेहरू कॉलेज में एक शिक्षक के साथ कथित मारपीट के बाद फैकल्टी ने विरोध किया था। सत्यवती कॉलेज से जुड़े विवाद में वाहनों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई थी।

दो हजार से ज्यादा जवानों की तैनाती

चुनाव को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक इंतजाम किया। नॉर्थ और साउथ कैंपस में 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और पैरामिलिट्री जवान तैनात किए गए। नॉर्थ कैंपस को पांच जोन और 23 सेक्टर में बांटकर बैरिकेडिंग, पिकेट, फुट पेट्रोलिंग, मोटरसाइकिल टीम और PCR की तैनाती की गई।

पढ़ें :- एजीएम में अजीत अगरकर के भविष्य पर नहीं हुआ कोई फैसला, BCCI के अधिकारियों को मिला खास अधिकार

हाईकोर्ट की सख्ती के बीच कल आएगा फैसलाजल

चुनावी नियमों के उल्लंघन, वाहनों के काफिले और हिंसा की घटनाओं पर दिल्ली हाई कोर्ट ने भी सख्त रुख अपनाया। कोर्ट ने चुनाव प्रक्रिया की निगरानी को लेकर DU और पुलिस से जवाब मांगा और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की बात कही। अदालत ने 19 सितंबर को परिणाम घोषित होने के बाद विजय जुलूस पर भी रोक लगा दी है।

शुक्रवार को मतदान खत्म होने के साथ DUSU चुनाव का पहला चरण पूरा हो गया। अब शनिवार, 19 सितंबर को वोटों की गिनती होगी और चारों केंद्रीय पदों के परिणाम सामने आएंगे।

यानी पूरे चुनाव में जिन मुद्दों पर सबसे ज्यादा बहस हुई। हॉस्टल, सुरक्षा, फीस, पढ़ाई, कैंपस सुविधाएं और छात्रों की भागीदारी रही।अब देखना होगा कि मतदान के बाद किस उम्मीदवार और किस संगठन को छात्रों का समर्थन मिलता है। शनिवार को मतगणना के साथ DUSU की नई टीम की तस्वीर साफ हो जाएगी।

अरविंद कुमार 

Disclaimer

इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।

पढ़ें :- नंदीग्राम में ममता बनर्जी के गुट के उम्मीदवार ने अपना नामांकन लिया वापस

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें। 

Advertisement