लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में वाहन चेकिंग के दौरान धमकाना और पैसा मांगना ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को महंगा पड़ गया। पीड़ित की शिकायत पर ट्रैफिक डीसीपी रईस अख्तर ने इंदिरा नगर के ट्रैफिक दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पढ़ें :- अखिलेश यादव ने BJP पर साधा निशाना, कहा - 'भाजपाई हारेंगे भी और भागेंगे भी...',
निलंबित होने वालों में टीएसआई अनिल कुमार, सिपाही अंकित कुमार, लवकुश, मुनेंद्र सिंह और पिंटू हैं। अयोध्या रोड पर इंदिरा नगर के समीप टीएसआई अनिल कुमार व अन्यकर्मी वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक कार आती दिखी। कार सवार विदेश से आ रहे अपने रिश्तेदार को एयरपोर्ट से लेने जा रहे थे। पुलिसकर्मियों ने कार रोककर चेकिंग के नाम पर मोटी रकम का चालान करने की धमकी दी।
कार को छोड़ने के एवज में घूस की मांग की। जिसे देने से इनकार करने पर अभद्रता की और कार सीज करने की धमकी दी। पुलिसकर्मियों ने वर्दी पर बॉडी वॉर्न कैमरे भी नहीं लगाये थे।
शिकायत पर ट्रैफिक डीसीपी रईस अख्तर ने की कार्रवाई
कार चालक ने इसकी शिकायत ट्रैफिक डीसीपी रईस अख्तर से की तो उन्होंने टीएसआई समेत सभी पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करते हुए एसीपी ट्रैफिक से मामले की जांच रिपोर्ट मांगी है। डीसीपी ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।