नई दिल्ली, 21 जून। मंगलवार को NDA ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक में द्रौपदी मुर्मू के नाम पर सहमति बनी। ओडिशा की द्रौपदी मुर्मू इससे पहले झारखंड की पहली महिला आदिवासी राज्यपाल भी रह चुकी हैं। उनकी उम्र 64 साल है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने द्रौपदी मुर्मू के नाम का ऐलान करते हुए कहा कि इस बार पार्टी नेताओं के बीच राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए 20 नामों पर चर्चा हुई। इसमें तय हुआ कि इस बार चुनाव के लिए पूर्वी भारत से कोई महिला और आदिवासी होनी चाहिए।
पढ़ें :- एलपीजी गैस की किल्लत से आम जनता, पीजी और रेस्टोरेंट संचालक परेशान
आज की संसदीय बोर्ड की बैठक में हम सभी लोग इस मत पर आए कि भाजपा और NDA अपने सभी घटक दलों के साथ बातचीत करते हुए हम राष्ट्रपति के लिए अपना प्रत्यासी घोषित करें।
NDA की तरफ से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को घोषित किया गया है।
– श्री @JPNadda pic.twitter.com/xpjENO3o0F
— BJP (@BJP4India) June 21, 2022
पढ़ें :- IPL 2026 का आगाज़, क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह
द्रौपदी मुर्मू अगर ये चुनाव जीतती हैं, तो वो राष्ट्रपति बनने वाली पहली आदिवासी महिला होंगी। उनसे पहले नीलम संजीव रेड्डी देश के सबसे युवा राष्ट्रपति रहे थे। इससे पहले मंगलवार को ही विपक्ष ने यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को चुने जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि मुझे विश्वास है कि वो एक महान राष्ट्रपति होंगी।
#NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को चुने जाने पर प्रधानमंत्री @narendramodi ने ट्वीट कर कहा, "मुझे विश्वास है कि वो एक महान राष्ट्रपति होंगी।"#PresidentElection #NDA #DraupadiMurmu @BJP4India pic.twitter.com/XggmQByjLN
— India Voice (@indiavoicenews) June 21, 2022
पढ़ें :- बॉलीवुड का नया धमाका: 'धुरंधर' ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका, 'वध 2' ने भी बनाए दमदार कदम
बतादें कि मंगलवार शाम को ही बीजेपी मुख्यालय में हुई बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शिरकत की। इस बैठक में राष्ट्रपति चुनाव में बीजेपी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार के नाम पर मंथन किया। पार्टी मुख्यालय में हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित संसदीय बोर्ड के कई सदस्य शामिल हुए। बीजेपी संसदीय बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक से पहले गृहमंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा ने मंगलवार को उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि एम वेंकैया नायडू को राष्ट्रपति चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार बनाने के बारे में विचार कर रही थी।
आदिवासी परिवार से हैं राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू
NDA से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 20 जून 1958 को ओडिशा में एक आदिवासी परिवार में पैदा हुईं थीं। उन्होंने रामा देवी विमेंस कॉलेज से स्नातक किया था। इसके बाद द्रौपदी ने ओडिशा के राज्य सचिवालय में नौकरी की शुरुआत की। उनका विवाह श्याम चरण मुर्मू के साथ हुआ था।
https://twitter.com/BJP4India/status/1539299560446521344
द्रौपदी मुर्मू का राजनीतिक जीवन
साल 1997 में द्रौपदी मुर्मू पहली बार नगर पंचायत का चुनाव जीत कर स्थानीय पार्षद (लोकल कौंसिलर) बनीं। द्रौपदी मुर्मू ऐसे राज्य से ताल्लुक रखती हैं जहां 2014 में मोदी लहर में बीजेपी का महज एक सीट पर खाता खुल पाया था। राज्य में लोकसभा की 21 सीटें हैं। 2014 में 20 सीटें बीजद ने जीती थीं।
पढ़ें :- शिक्षा: विकास की कुंजी और भविष्य की राह
पहली उडिया नेता द्रौपदी मुर्मू बनीं राज्यपाल
ओडिशा के मयूरभंज जिले की रहने वाली द्रौपदी मुर्मू ओडिशा में दो बार रायरंगपुर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक रही हैं। वो पहली ऐसी उड़िया नेता हैं जिन्हें किसी राज्य का राज्यपाल नियुक्त किया गया। वो बीजेपी और बीजू जनता दल की गठबंधन सरकार में 6 मार्च 2000 से 6 अगस्त 2002 तक वाणिज्य और परिवहन के लिए स्वतंत्र प्रभार, 6 अगस्त 2002 से 16 मई 2004 तक मत्स्य पालन और पशु संसाधन विकास राज्य मंत्री भी रहीं थीं।
अगर द्रौपदी मुर्मू जीतीं तो सबसे युवा राष्ट्रपति होंगीं
वहीं अगर द्रौपदी मुर्मू जीतती हैं तो 25 जुलाई को शपथ ग्रहण करेंगी। उस दिन उनकी उम्र 64 साल 35 दिन होगी। बतादें कि फिलहाल सबसे युवा राष्ट्रपति बनने का रिकॉर्ड नीलम संजीव रेड्डी के पास है। रेड्डी जब राष्ट्रपति बने थे उस वक्त उनकी उम्र 64 साल 2 महीने 6 दिन थी। अगर मुर्मू जीतीं तो देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी। गौरतलब है कि प्रतिभा देवी सिंह पाटिल देश की पहली महिला राष्ट्रपति बनी थीं। पाटिल 2007 से 2012 के दौरान देश के सर्वोच्च पद पर रहीं थीं। मुर्मू की तरह पाटिल भी राज्यपाल के पद पर रह चुकीं थीं।
गौरतलब है कि मंगलवार को ही राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी दलों ने संयुक्त उम्मीदवार के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के नाम की घोषणा की है। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है। अगले राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए 18 जुलाई को मतदान किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया जारी है। 29 जून नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है।