सुल्तानपुर। यूपी के सुल्तानपुर जिले में शनिवार को नारायणपुर निवासी एक दबंग ने संविदाकर्मी डॉक्टर को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के पीछे जमीन विवाद में पैसे का लेनदेन बताया जा रहा है। डॉक्टर की हत्या की जानकारी लगते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।
पढ़ें :- डॉक्टर की घोर लापरवाही से मासूम की जिंदगी तबाह, 5 साल की मानवी का काटना पड़ा पैर
लंभुआ क्षेत्र के रहने वाले डॉ. घनश्याम तिवारी जयसिंहपुर स्थित जासपारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर संविदा के रूप में तैनात थे। वर्तमान में वे नगर के शास्त्री नगर मोहल्ले में रहते थे। शनिवार शाम वे किसी कार्य के लिए घर से बाहर निकले। देर शाम उनकी पत्नी घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दरम्यान एक ऑटो वाला उनके घर पहुंचा और घायलवास्था में उन्हें घर के सामने छोड़कर फरार हो गया।
पत्नी की मानें तो नारायणपुर के रहने वाले अजय नारायण सिंह पुत्र जगदीश सिंह ने उनको बुरी तरह मारा है जिसके चलते उनकी मौत हुई है। घटना के पीछे जमीन विवाद में पैसों का लेनदेन बताया जा रहा है। घटना की जानकारी लगते ही पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी और जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा जिला अस्पताल पहुंचे और हत्यारोपी पर सख्त कार्रवाई की बात कही। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।