UP News : इटावा -फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में इटावा के जिला वन अधिकारी विकास नायक और उनके चालक देवांश की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मंगलवार को नगला खंगर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 69 किलोमीटर प्वाइंट पर यह भीषण दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि डीएफओ विकास नायक अपनी एक्सयूवी-700 गाड़ी से लखनऊ से नोएडा की ओर जा रहे थे। उनके साथ चालक देवांश और केशवती नामक महिला भी सवार थीं।
पढ़ें :- UP इंटरनेशनल ट्रेड शो में लोगों को खूब लुभा रहा शजर, अनोखी हस्तशिल्प कला को देखने के लिए लग रही भीड़
तेज टक्कर के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में डीएफओ विकास नायक और चालक देवांश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल केशवती को तत्काल सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। दुर्घटना में एक अन्य स्कॉर्पियो वाहन भी चपेट में आ गया। स्कॉर्पियो में सवार डेविड ब्रेन डिसूजा और उनकी पत्नी ममता डिसूजा भी घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सैफई रेफर किया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। इटावा के डीएफओ विकास नायक की असामयिक मृत्यु से वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों में शोक की लहर है। पूरे मामले की जांच जारी है। तीनों घायलों का सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में इलाज चल रहा है।
Disclaimer
पढ़ें :- 62 साल पहले बसा गांव, न सड़क, न शौचालय, बांदा के मवई बुजुर्ग में 200 दलित परिवारों की 'नरकीय' जिंदगी
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।