मुख्य सामग्री पर जाएँ

इंडिया वॉइस

Breaking News सभी अपडेट
रिलेशनशिप

India-China Commander Level Meeting : भारत और चीन LAC के शेष मुद्दों का जल्द समाधान करने पर सहमत

इंडिया वॉइस

बुधवार को भारत-चीन के सैन्य कमांडरों के बीच सुबह शुरू हुई 14वें दौर की मीटिंग लगभग 13 घंटे तक चली। लेकिन बैठक में पूर्वी लद्दाख में टकराव वाले इलाके गोगरा-हॉट स्प्रिंग पर कोई सहमति नहीं बन पाई।

india_china MEET
शेयर करें

नई दिल्ली, 13 जनवरी। भारत-चीन के कोर कमांडरों की बुधवार को हुई 14वें दौर की बैठक के बारे में साझा बयान जारी किया गया है। बयान में कहा गया है कि वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने पश्चिमी क्षेत्र में LAC के साथ संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए विचारों का साफ और गहन आदान-प्रदान किया। दोनों पक्ष शेष मुद्दों का जल्द से जल्द समाधान करने के लिए काम करने पर सहमत हुए हैं। ये नोट किया गया कि इससे पश्चिमी क्षेत्र में LAC के साथ शांति बहाल करने में मदद मिलेगी और द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति को सक्षम बनाया जा सकेगा।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक दोनों पक्ष पिछले परिणामों को समेकित करने और सर्दियों सहित पश्चिमी क्षेत्र में जमीन पर सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए प्रभावी प्रयास करने पर भी सहमत हुए हैं। दोनों पक्षों ने निकट संपर्क में रहने, सैन्य और राजनयिक चैनलों के माध्यम से बातचीत बनाए रखने और शेष मुद्दों के पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समाधान पर जल्द से जल्द काम करने पर सहमति जाहीर की। ये भी सहमति हुई कि कमांडरों की वार्ता का अगला दौर जल्द से जल्द आयोजित किया जाना चाहिए।

बुधवार को भारत-चीन के सैन्य कमांडरों के बीच सुबह शुरू हुई 14वें दौर की मीटिंग लगभग 13 घंटे तक चली। लेकिन बैठक में पूर्वी लद्दाख में टकराव वाले इलाके गोगरा-हॉट स्प्रिंग पर कोई सहमति नहीं बन पाई। बैठक में भारत की तरफ से हॉट स्प्रिंग, डेप्सांग और डेमचोक इलाकों में सैनिकों की पूरी तरह से वापसी पर जोर दिया गया। सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने इस वार्ता के बीच सालाना प्रेस कॉन्फ्रेंस में PP-15 यानी हॉट स्प्रिंग से जुड़े मुद्दों का समाधान होने की उम्मीद जताई थी। उन्होंने कहा था कि पूर्वी लद्दाख में पिछले 20 महीनों से जारी तनाव के बीच भारत-चीन ने कई स्थानों से अपनी सेनाएं पीछे हटाई हैं, लेकिन कई स्थानों पर गतिरोध कायम है।

शेयर करें