Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज का व्यवहार अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर : विदेश मंत्रालय

पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज का व्यवहार अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर : विदेश मंत्रालय

By HO BUREAU 

Updated Date

पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज का व्यवहार अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर : विदेश मंत्रालय

MEA : विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को दिल्ली में आयोजित द्वि-साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज हुनैन का समुद्र में व्यवहार “अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर” था। जिसके कारण टक्कर हुई। हालांकि, INS कोलकाता को कोई नुकसान नहीं हुआ।

पढ़ें :- DUSU Result 2026: ABVP की जीत पर जश्न, हार के बाद NSUI का पलटवार, कहा - हम चुनाव हारे नहीं, कोर्ट जाएंगे

भारत ने शुक्रवार को पश्चिमी अरब सागर में 15 सितंबर को भारतीय नौसेना के INS कोलकाता और पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज हुनैन के बीच हुई टक्कर को लेकर पाकिस्तान के आरोपों को खारिज कर दिया और उन्हें “अपेक्षित बहानेबाजी” करार दिया।

जायसवाल ने पत्रकारों से कहा, “हमने पाकिस्तान की ओर से हमारे द्वारा दर्ज कराए गए विरोध पर उसकी प्रतिक्रिया देखी है। यह वही अपेक्षित बहानेबाजी है, जिसकी हमें उम्मीद थी। हम उसमें लगाए गए आरोपों और संकेतों को खारिज करते हैं। मैं आपके लिए इस मामले के तथ्यों को दोहराना चाहता हूं। INS कोलकाता पश्चिमी अरब सागर में नियमित तैनाती पर था, तभी पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज हुनैन ने समुद्र में अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर तरीके से व्यवहार किया, जिसके परिणामस्वरूप टक्कर हुई।”

उन्होंने कहा, “PNS हुनैन द्वारा खतरनाक तरीके से आगे निकलने की कोशिश 1991 के भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही की अग्रिम सूचना संबंधी समझौते के अनुच्छेद 10 का पूरी तरह उल्लंघन थी। इसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि समुद्र में नौसैनिक इकाइयां एक-दूसरे से तीन नॉटिकल मील के दायरे में नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा, पाकिस्तानी जहाज ने समुद्र में टक्कर रोकने से संबंधित अंतरराष्ट्रीय नियमों का भी उल्लंघन किया।”

उन्होंने आगे कहा, “पाकिस्तानी पक्ष को एक बार फिर सलाह दी गई है कि दोनों देशों के बीच हुए संबंधित समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करते हुए सभी सैन्य इकाइयां उचित सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस घटना से INS कोलकाता को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और वह समुद्र में अपनी तैनाती पर है।”

पढ़ें :- 'देश के पूरे सिस्टम पर कुछ लोगों का कब्जा...', छात्रों की गूंज कार्यक्रम में बोले राहुल गांधी

विदेश मंत्रालय की यह प्रतिक्रिया पाकिस्तान द्वारा लगाए गए उन आरोपों के बाद आई, जिसमें उसने कहा था कि एक भारतीय नौसैनिक जहाज ने अरब सागर में उकसावे वाली कार्रवाई की, जिसके चलते पाकिस्तानी नौसेना के जहाज से उसकी टक्कर हुई।

बुधवार को भारत ने पाकिस्तानी उच्चायोग के प्रभारी राजदूत (Charge d’Affaires) को तलब किया था और पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज की समुद्र में कार्रवाई को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया था।

विदेश मंत्रालय ने कहा, “नई दिल्ली स्थित इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान के उच्चायोग के प्रभारी राजदूत को आज विदेश मंत्रालय में तलब किया गया और समुद्र में पाकिस्तानी नौसैनिक इकाइयों के अस्वीकार्य एवं गैर-पेशेवर व्यवहार को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया, जिसके कारण भारतीय नौसेना की एक इकाई के साथ टक्कर हुई।”

MEA ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई इस घटना से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज का व्यवहार अप्रैल 1991 के भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही की अग्रिम सूचना संबंधी समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधे तौर पर उल्लंघन था।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “पाकिस्तान के प्रभारी राजदूत को सलाह दी गई कि वह संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों तक यह बात पहुंचाएं कि दोनों पक्षों के बीच हुए संबंधित समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करते हुए सभी सैन्य इकाइयां उचित सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।” बयान में आगे कहा गया, “इस्लामाबाद में भारत के प्रभारी राजदूत को भी इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष इसी तरह का विरोध दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है।” (आईएएनएस)

पढ़ें :- गोवा : 3.96 करोड़ के ड्रग तस्करी मामले में ईडी की कार्रवाई, पांच आरोपियों के खिलाफ सप्लीमेंट्री प्रॉसिक्यूशन शिकायत दायर

Disclaimer

इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें। 

Advertisement