रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है। दो दिन पहले छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए गए मोहन मरकाम ने शुक्रवार को मंत्री पद की शपथ ली।
पढ़ें :- Chhattisgarh : बालोद में भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत, CM विष्णु देव साय ने जताया शोक
राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने राजभवन के दरबार हाल में आयोजित कार्यक्रम में मरकाम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डा.चरणदास महंत, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य तथा राज्य के आला प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
राज्य़ के स्कूल शिक्षा मंत्री डा.प्रेम साय सिंह टेकाम से कल ही इस्तीफा ले लिया गया था। उनके इस्तीफे से रिक्त हुए पद पर मरकाम को शपथ दिलाई गई। लगभग 55 माह पुराने भूपेश मंत्रिमंडल का यह अंतिम बदलाव माना जा रहा है।
मरकाम कोंडागांव विधानसभा सीट से दूसरी बार विधायक बनें
मरकाम राज्य की कोंडागांव विधानसभा सीट से दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। उनका प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर तीन वर्ष का कार्यकाल पिछले वर्ष ही पूरा हो चुका था। तभी से उनके हटने को लेकर अटकलबाजियां चल रहीं थीं। कल मंत्रिमंडल से हटाए गए डा. टेकाम आदिवासी समाज से आते हैं और मरकाम भी आदिवासी समाज से हैं।