Nishu Azad : वकील अमिता सचदेवा ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशु आजाद, उसके पिता और अभिभावक के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
Updated Date
Nishu Azad : वकील अमिता सचदेवा ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशु आजाद, उसके पिता और अभिभावक के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि निशु आजाद ने सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट साझा कर धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।
शिकायतकर्ता अमिता सचदेवा का कहना है कि उन्होंने कानूनी कार्रवाई से पहले निशु आजाद और उसके पिता को विवादित पोस्ट हटाने का अवसर दिया था। उनका दावा है कि निशु नाबालिग है, इसलिए पहले उसे और उसके अभिभावक को पोस्ट हटाने के लिए कहा गया, लेकिन दोनों ने कथित तौर पर ऐसा नहीं किया और आपत्तिजनक सामग्री अब भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है।
शिकायत में भगवान शिव, भगवान श्रीकृष्ण, मां सरस्वती और मां दुर्गा से जुड़े पोस्ट का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि इन पोस्ट के जरिए हिंदू आस्था और देवी-देवताओं का अपमान किया गया है। शिकायतकर्ता ने दिल्ली पुलिस से निशु आजाद, उसके पिता और गार्जियन के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अमिता सचदेवा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को किसी धर्म या धार्मिक मान्यता से असहमति रखने का अधिकार है, लेकिन अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी धर्म के देवी-देवताओं और आस्था का अपमान करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
इससे पहले निशु आजाद से जुड़े मामले में खुद को इन्फ्लुएंसर बताने वाले स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था। भारद्वाज ने दावा किया था कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान उसने निशु आजाद के पिता के साथ मारपीट की थी।
इस मामले को लेकर जंतर-मंतर और पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन भी हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट और हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की मांग की थी। बाद में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी आरोपी पर उनका नाम गलत तरीके से इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और निष्पक्ष जांच की मांग की थी। (आईएएनएस)
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।