सूत्रों के अनुसार सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम की घोषणा पार्टी विधायक दल की बैठक के बाद की गई. सुखविंदर सिंह सुक्खू से पहले हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का नाम सीएम की रेस में सबसे आगे बताया जा रहा था.
Updated Date
कांग्रेस पार्टी ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को हिमाचल प्रदेश का नया मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया है. सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम की घोषणा पार्टी विधायक दल की बैठक के बाद की गई.पार्टी ने मुकेश अग्निहोत्री को राज्य का डिप्टी सीएम बनाने का फैसला किया है.सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.बता दें कि राज्य में पहली बार डिप्टी सीएम बनाया जाएगा.
खास बात ये है कि सुखविंदर सिंह सुक्खू से पहले हिमाचल कांग्रेस की मौजूदा अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह का नाम सीएम की रेस में सबसे आगे बताया जा रहा था, लेकिन शनिवार दोपहर तक ये साफ हो गया था कि प्रतिभा सिंह अब इस रेस से बाहर हो चुकी हैं.
शपथ ग्रहण में आएंगे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी
कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि सर्वसम्मति से सारे विधायकों ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को विधायक दल का नेता चुना है. कल उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी आएंगे.
सीएम बनाए जाने को लेकर सुखविंदर सिंह ने क्या कहा
हिमाचल के भावी सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश की जनता का शुक्रगुजार हूं. हमारी सरकार लाएगी बदलाव, हमने हिमाचल प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है. राज्य के विकास के लिए हमें काम करना है.