दोहा कतर में 26 जनवरी से शुरू होने वाली होने वाले फेंसिंग (तलवारबाजी) वर्ल्ड कप में भाग लेने के लिये राजस्थान में झुंझुनू जिले के सुनारी गांव का सुनील जाखड़ का चयन हुआ है। इस पर उनके परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। सुनील जाखड़ इससे पहले नेशनल चैम्पियनशिप में पांच गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। सुनील फिलहाल भारतीय सेना की राजपूताना राइफल में हवलदार हैं। सुनील का परिवार खेती करता है। सुनील ने बताया कि वह 12 साल से तलवारबाजी कर रहे हैं। इंटरनेशनल कॉम्पिटिशन में खेलने के लिए उन्होंने पुणे स्थित आर्मी स्पोट्र्स इंस्टीट्यूट में प्रैक्टिस की है।
पढ़ें :- Manu Bhaker बयान पर विवाद, खेलों पर उठे सवाल
दोहा में 26 जनवरी को भारतीय टीम से खेलेंगे
फेंसिंग वर्ल्ड प्रतियोगिता के लिए अमृतसर में हुई ट्रायल में सुनील जाखड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि जेएनडीयू यूनिवर्सिटी में ट्रायल 14 जनवरी को हुई थी। ट्रायल में देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। जिसमें उन्हें सबसे ज्यादा अंक मिले। अब सुनील खाड़ी देश कतर की राजधानी दोहा में 26 जनवरी से आयोजित होने वाले फेंसिंग वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारतीय टीम से खेलेंगे। इस टीम में सुनील सहित कुल चार लोगों का चयन हुआ है। सुनील कुमार ने इससे पहले तीसरी सीनियर तलवारबाजी प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीतकर राजस्थान का नाम रोशन किया था।
तलवारबाजी के सफर की कहानी है बेहद रोचक
सुनील कुमार का तलवारबाजी करने का किस्सा भी बहुत रोचक है। उन्होंने बताया कि करीब 12-13 साल पहले जयपुर में तलवारबाजी की प्रतियोगिता देखी थी। इसके बाद उनके मन में भी तलवारबाजी की इच्छा हुई। इसके बाद उन्होने आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट पुणे में कोच से मिलकर तलवारबाजी सीखना शुरू किया। धीरे-धीरे छोटी-छोटी प्रतियोगिताओं में भाग लिया। सिलसिला आगे बढ़ता गया। कई प्रतियोगिताओं में पदक जीते। फिर भारत के लिए खेलने का मौका भी मिला। सुनील का बचपन से ही खेलों में रुझान था। स्कूली दिनों में वॉलीबॉल खेलते थे। लेकिन फेंसिंग के खेल ने उन्हें पहचान दिलाई। सुनील जाखड़ ने 30वीं सीनियर तलवारबाजी चैम्पियनशिप में जौहर दिखाते हुए राजस्थान के लिए दो स्वर्ण पदक हासिल किए थे। वह देश के लिए साउथ एशियन गेम्स सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अब तक 20 से अधिक पदक जीत चुके हैं।
पढ़ें :- IPL 2026: Kolkata Knight Riders vs Rajasthan Royals कौन जीतेगा यह हाई-वोल्टेज मुकाबला?
जीत का रहा है शानदार रेकॉर्ड
सुनील जाखड़ अभी तक तलवारबाजी में साउथ एशियन गेम्स में 2 गोल्ड, आर्मी बनाम श्रीलंका, नेशनल गेम्स केरल, सीनियर फेंसिंग प्रतियोगिता नासिक, सीनियर नेशनल प्रतियोगिता पुणे, फेडरेशन कप पटियाला, नेशनल तलवारबाजी प्रतियोगिता रायपुर, नेशनल प्रतियोगिता सोलापुर में स्वर्ण पदक एवं सीनियर तलवारबाजी प्रतियोगिता रायपुर, सीनियर नेशनल प्रतियोगिता जम्मू, आर्मी बनाम श्रीलंका, सीनियर तलवारबाजी प्रतियोगिता में रजत पदक सहित थाईलैंड ओपन तलवारबाजी प्रतियोगिता बैंकॉक में भी कांस्य पदक हासिल कर चुके हैं।