ठंड, कोहरा और शीतलहर का असर उत्तर प्रदेश के कई शहरों में देखने को मिल रहा है जिसका खामियाजा बच्चे भी भुगत रहे हैं. इन बच्चों को शीतलहर से बचाने के लिए जिला प्रशासन बड़े फैसले ले रहा है.
Updated Date
आज का मौसम: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया है. मौसम विज्ञानियों ने बताया कि उत्तर पश्चिम से मैदानों को पार कर आने वाली हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट आने से गलन बढ़ी और कोहरा रहा है. वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिले शीतलहर से ठिठुर रहे हैं.
उत्तर प्रदेश के एक-एक कर कई जिलों में स्कूली बच्चों की छुट्टियां घोषित की जा रही हैं. फिलहाल मेरठ, हापुड़ और एटा जिला में प्रशासन द्वारा शीतलहर को देखते हुए यह फैसला किया गया है. मेरठ (Meerut) में 27 दिसंबर से 1 जनवरी तक 12वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे, जबकि हापुड़ (Hapur) में छोटे बच्चों को मंगलवार से छुट्टी दी गई है.
शीत लहर की चपेट में उत्तर भारत
देश के उत्तर और उत्तर पश्चिम के कुछ हिस्सों में कहीं घने और कहीं बहुत घने कोहरे की चादर छायी रही तथा दृश्यता घटने के कारण इन क्षेत्रों में ट्रेनों के आवागमन में भी देरी हुई. कई कस्बों और शहरों में तापमान में गिरावट के साथ क्षेत्र में भीषण शीत लहर चली. दिल्ली में घने कोहरे के कारण कुछ इलाकों में दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ. रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि 10 ट्रेन 1.45 से 3.30 घंटे तक की देरी से चल रही हैं. आईएमडी के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक कोहरा छाया रहेगा.
डेढ़ से साढ़े चार घंटे की देरी से चल रही ट्रेनें
रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि 10 ट्रेनें डेढ़ घंटे से साढ़े चार घंटे की देरी से चल रही हैं. स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 25-26 दिसंबर को पहाड़ी इलाकों में ताजी बर्फबारी हुई है और पश्चिमोत्तर से ठंडी हवाएं मैदानों से होकर दिल्ली एनसीआर तक पहुंच रही हैं. उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आर्द्रता का स्तर बढ़ गया है और इसकी वजह से घना कोहरा छाया एवं सूर्य की रोशनी मद्धिम हुई और तापमान में गिरावट आई है.