Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सरकार अनुपूरक बजट लाने की तैयारी में है,योगी आदित्यनाथ सरकार विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के पहले दिन वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए दोनों सदनों में अनुपूरक बजट पेश करेगी. विधानमंडल का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू होगा. सूत्रों के मुताबिक इसमें सरकार 50 हजार करोड़ से ज्यादा के अनुपूरक बजट का प्रस्ताव पेश कर सकती है. इसके लिए वित्त विभाग के अधिकारी जुटे हुए हैं.
पढ़ें :- धर्मेंद्र कश्यप सपा में शामिल, अखिलेश यादव बोले- चुनाव की तारीख घोषित होते ही हार जाएगी भाजपा
इन परियोजनाओं के लिए धन जुटाएगी योगी सरकार
अनुपूरक बजट में ग्रेटर नोएडा फिल्म सिटी, जेवर एयरपोर्ट, कानपुर समेत सभी मेट्रो परियोजनाओं, सिंचाई विभाग और कल्याणकारी विभागों के लिए अतिरिक्त राशि की व्यवस्था होगी. निकाय चुनाव के मद्देनजर भी अनुपूरक बजट में घोषणाएं हो सकती हैं. तीन दिनों के इस संक्षिप्त सत्र के दौरान सरकार कुछ विधेयक भी पास करा सकती है.
विधानसभा अध्यक्ष ने की सर्वदलीय बैठक, मांगा सहयोग
शीतकालीन सत्र से पूर्व आज विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नेता विपक्ष अखिलेश यादव शामिल नहीं हुए. संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने सत्ता पक्ष की ओर से अपनी बात रखी. वहीं अखिलेश यादव की जगह सपा से मनोज पांडेय बैठक में शामिल हुए.
पढ़ें :- 'Cyclone Arnab' को लेकर UP में अलर्ट, 28 से 31 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान
विधानसभा का शीतकालीन सत्र का प्रमुख उद्देश्य अनुपूरक बजट पेश करना ही है. शीतकालीन सत्र की अवधि अभी तक के कार्यक्रम के अनुसार तीन दिन की रखी गयी है. विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के पहले दिन पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी जाएगी. इसके बाद अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा. अनुपूरक बजट में योगी सरकार अगले वर्ष फरवरी में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन की तैयारियों के लिए धनराशि की व्यवस्था करेगी.