Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तराखंड
  3. चमोली टनल हादसा: नौ मजदूरों की मौत, 10 अब भी लापता

चमोली टनल हादसा: नौ मजदूरों की मौत, 10 अब भी लापता

By HO BUREAU 

Updated Date

चमोली टनल हादसा: नौ मजदूरों की मौत, 10 अब भी लापता

उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार देर रात निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे ने बड़ा संकट खड़ा कर दिया। अलकनंदा नदी पर बन रही विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी (टेल रेस टनल) में सरिया वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक भारी मलबा और भूस्खलन होने से सुरंग के भीतर काम कर रहे कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

पढ़ें :- Uttarakhand News : प्रदेश में लखपति दीदियों का बढ़ा आंकड़ा, तीन लाख पार

हादसे के वक्त सुरंग के अंदर कुल 28 मजदूर मौजूद बताए जा रहे थे। घटना के बाद राहत और बचाव दलों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक 18 मजदूरों को सुरंग से बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से नौ मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक, 13 मजदूरों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के बाद भी सुरंग के भीतर राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। करीब 10 मजदूरों के अब भी फंसे होने की आशंका है और बचाव दल उनकी तलाश में जुटे हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया है। सुरंग के भीतर मलबा हटाने और फंसे श्रमिकों तक पहुंचने के लिए बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं। मौके पर प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

इस बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को पीपलकोटी पहुंचकर हादसा स्थल का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की जानकारी लेने के साथ अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट भी लेंगे।

फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती सुरंग में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना है। प्रशासन की प्राथमिकता रेस्क्यू ऑपरेशन को तेजी से आगे बढ़ाते हुए सभी प्रभावित श्रमिकों तक पहुंचना है।

Disclaimer

इस लेख में व्यक्त सभी विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इन्हें केवल वेब पोर्टल पर प्रकाशन हेतु संपादित एवं व्यवस्थित किया गया है। मूल भाव, आशय एवं तथ्यों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। इस लेख में व्यक्त विचारों, मतों अथवा उनसे उत्पन्न होने वाले किसी भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष परिणाम के लिए वेब पोर्टल अथवा उसके प्रकाशक किसी भी प्रकार से उत्तरदायी नहीं होंगे।

अवनीश कुमार प्रेमी

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें। 

Advertisement