प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव 2026-27 के लिए गुरुवार को मतदान हो रहा है। हाईकोर्ट के क्रिकेट ग्राउंड में सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा। चुनाव को लेकर मुख्य चुनाव अधिकारी (सीआरओ) एसएफए नकवी और चुनाव समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पढ़ें :- डॉक्टर की घोर लापरवाही से मासूम की जिंदगी तबाह, 5 साल की मानवी का काटना पड़ा पैर
चुनाव में अध्यक्ष, महासचिव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष समेत कुल 30 पदों के लिए 263 प्रत्याशी मैदान में हैं। अंतिम प्रत्याशी सूची छह सितंबर को जारी की गई थी। इस बार कुल 11,724 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान स्थल और आसपास सुरक्षा एवं प्रवेश व्यवस्था को अलग-अलग जोन में बांटा गया है। पूरी मतदान प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी।
20 गेट से होगी प्रवेश की व्यवस्था
क्रिकेट ग्राउंड में मतदान के लिए कुल 20 गेट बनाए गए हैं। मतदाताओं को गेट नंबर 3, 3ए, 3बी, 4 और 5 से प्रवेश दिया जाएगा। ये प्रवेश द्वार कानपुर रोड की ओर त्रिभुवन उपाध्याय हाल के पास बनाए गए हैं। पुराने महाधिवक्ता कार्यालय के पास स्वचालित सीढ़ी के बगल से भी प्रवेश की व्यवस्था रहेगी।
प्रत्याशियों और मतदाताओं को अपने दोपहिया और चार पहिया वाहन केवल मल्टीलेवल पार्किंग में खड़े करने के निर्देश दिए गए हैं। कानपुर रोड पर न्यायविद हनुमान मंदिर से पानी की टंकी तक सड़क के दोनों ओर पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। इस हिस्से को नो-पार्किंग के साथ नो-वेंडिंग जोन भी रखा गया है। यहां स्टॉल या दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी।
अध्यक्ष पद पर आठ, महासचिव के लिए 14 प्रत्याशी
चुनाव में अध्यक्ष, महासचिव और वरिष्ठ उपाध्यक्ष का एक-एक पद है। संयुक्त सचिव के चार पद हैं, जिनमें प्रशासन, महिला, पुस्तकालय और प्रेस शामिल हैं। कोषाध्यक्ष के दो पद हैं, जिनमें एक पुरुष और एक महिला के लिए निर्धारित है। उपाध्यक्ष के छह पदों में दो महिला और चार पुरुष सीटें हैं। गवर्निंग काउंसिल के 15 पदों के लिए सबसे अधिक प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें पांच सीटें महिलाओं और 10 सीटें सामान्य श्रेणी के लिए निर्धारित हैं।
पढ़ें :- बांदा में ग्रामीण सड़कों की बदलेगी सूरत, 1 करोड़ 51 लाख रुपये से सुधारे जा रहे सड़कों के जंक्शन
अंतिम सूची के अनुसार अध्यक्ष पद पर आठ, महासचिव पर 14 और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर 15 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। संयुक्त सचिव प्रशासन के लिए 13, महिला के लिए पांच, पुस्तकालय के लिए 12 और प्रेस के लिए 10 प्रत्याशी मैदान में हैं।
पुरुष कोषाध्यक्ष पद के लिए 11 और महिला कोषाध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी हैं। दो महिला उपाध्यक्ष पदों के लिए छह और चार पुरुष उपाध्यक्ष पदों के लिए 50 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। गवर्निंग काउंसिल की पांच महिला सीटों पर 16 और 10 पुरुष सीटों पर 100 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
पहली बार महिलाओं के लिए अलग आरक्षित सीटें
इस बार हाईकोर्ट बार चुनाव में महिलाओं की भागीदारी को लेकर महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। पहली बार विभिन्न पदों पर महिलाओं के लिए अलग सीटों का प्रावधान किया गया है। आरक्षित सीटों पर कुल 32 महिला प्रत्याशी मैदान में हैं।
इसके अलावा सामान्य श्रेणी की सीटों पर भी महिला प्रत्याशियों ने दावेदारी की है। अंतिम सूची के अनुसार कुल 34 महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। महिलाओं के लिए उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और गवर्निंग काउंसिल में सीटें निर्धारित की गई हैं।
चुनाव समिति द्वारा प्रचार सामग्री को हटाने के निर्देश
मतदान से पहले चुनाव समिति ने हाईकोर्ट परिसर और आसपास प्रचार सामग्री को लेकर भी सख्ती दिखाई है। गेट नंबर सात से डॉ. आंबेडकर प्रतिमा के बीच, फ्लाईओवर के आसपास, होटल के दोनों ओर सड़क तथा गेट नंबर 3-बी से फ्लाईओवर तक लगाए गए टेंट और बड़े बैनर हटाने के निर्देश दिए गए हैं। चुनाव समिति ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें :- 'बड़े आयोजनों से देश की छवि नहीं बनती, बल्कि....', CM योगी पर अखिलेश यादव का हमला
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।