Hit-And-Run Case : गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है।
Updated Date
Hit-And-Run Case : गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कल्याण बैंसला के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, यह मामला 13 सितंबर की सुबह हुई घटना से जुड़ा है, जिसका वीडियो 14 सितंबर की सुबह महिला बाइक राइडर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया था। वीडियो सामने आने के बाद मामला गुरुग्राम पुलिस के संज्ञान में आया और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में दिखाई दे रहा था कि 13 सितंबर की सुबह गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारी गई। वीडियो संज्ञान में आने के बाद पुलिस द्वारा पीड़िता से संपर्क करने का प्रयास किया गया। हालांकि, पीड़िता की ओर से पुलिस को कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी।
इसके बावजूद गुरुग्राम पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले का स्वतः संज्ञान लिया और तुरंत थाना सेक्टर-56 में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपी कार चालक ने मीडिया को घटना के संबंध में साक्षात्कार दिया था।
इसके बाद आरोपी ने पुलिस कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और फरार हो गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गुरुग्राम पुलिस की ओर से तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया तथा आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने अभियोग दर्ज करने के बाद मामले की गहनता से जांच की। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया। फुटेज के आधार पर पुलिस को घटना से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अभियोग में हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 109 बीएनएस को भी जोड़ा गया। इसके अलावा, अनुसंधान के दौरान पीड़िता के बयान दर्ज किए गए और उसके कथनों के आधार पर अभियोग में धारा 78 और 79 बीएनएस की भी वृद्धि की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश में जुटी अपराध शाखा सोहना, गुरुग्राम की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे 15 सितंबर को दौसा-राजगढ़ के बीच राजस्थान क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कल्याण बैंसला, उम्र 33 वर्ष, निवासी चांदहट, जिला पलवल, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी को हिरासत में लेकर मामले में आगे की पूछताछ एवं जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को काबू करने के बाद उसने बहाना बनाकर भागने का भी प्रयास किया। इस दौरान गिरने के कारण आरोपी को कुछ चोटें आईं। इसके बाद उसका अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस के अनुसार, घटना में इस्तेमाल की गई एक कार भी आरोपी के कब्जे से बरामद कर ली गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बरामद कार आरोपी के दोस्त के नाम पर पंजीकृत है। (आईएएनएस)
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।