New Delhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने दीपावली पर कांग्रेस नेताओं के बयानों और अयोध्या के विवादित ढांचे को लेकर सोनिया गांधी की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की सुव्यवस्थित ‘एंटी-इंडिया’ और ‘एंटी-हिंदू’ सोच का जीता-जागता प्रमाण है।
सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “अभी अभी दीपावली का पर्व गुजरा है और आज भ्रातृ द्वितीया है। जहां देश विकास की नई ऊंचाइयों की तरफ आगे बढ़ रहा है, दूसरी तरफ राजनीति नई निम्नताओं की तरफ जाती हुई दिखाई पड़ रही है।”
उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘डेड इकॉनोमी’ वाले बयान पर जिक्र करते हुए कहा, “भारत की तथाकथित ‘डेड इकॉनोमी’ में, जो नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा था, सिर्फ धनतेरस के दिन पूरा यूरोप 3 महीने में जितना सोना-चांदी खरीदता है, उतना इस तथाकथित ‘डेड इकॉनोमी’ ने एक दिन में खरीदकर दिखाया था। इसके बावजूद यह दर्शाता है कि भारत की परंपराओं, धर्म और संस्कृति के प्रति कितनी अवमानना और घृणा विपक्ष के नेताओं में भरी हुई है।”
BJP सांसद ने कहा, “यह सिर्फ इतनी ही नहीं थी। कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़े ने इसे खुशियों की ईद बना दिया। आश्चर्य की बात है। वो जिस राज्य से आते हैं, कर्नाटक में त्योहार के लिए उत्सव शब्द का प्रयोग होता है। यह ‘ईद’ शब्द कहां से आ गया? यह दर्शाता है कि एक बार फिर भारतीय धर्म और संस्कृति को किस सीमा तक जाकर अपमानित किया जा सकता है, यह विपक्ष और विशेषकर कांग्रेस के आचरण में दिखाई देता है।”
उन्होंने आगे कहा, “यह भी आश्चर्य की बात है कि विश्व के सबसे बड़े मुस्लिम देश इंडोनेशिया के प्रधानमंत्री को दीपावली की शुभकामनाएं देने में समस्या नहीं है, मलेशिया के राष्ट्रपति भी दीपावली की शुभकामनाएं दीपावली ही कहकर दे रहे हैं। दुबई के बुर्ज खलीफा पर भी दिवाली लिखा हुआ है, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष के मुंह पर ‘खुशियों की ईद’ छपा हुआ है।”
✍️Satyam Kushwah
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।