मुख्य सामग्री पर जाएँ

इंडिया वॉइस

Breaking News सभी अपडेट
क्षेत्रीय

मदर डेयरी और अमूल ने बढ़ाए दूध के दाम, 12 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें

Desk

देश की प्रमुख डेयरी कंपनी 'अमूल' ने ताजा दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (जीसीएमएमएफ) ने बताया कि 12 नवंबर 2026 से देशभर में अमूल के प्रमुख दूध उत्पादों की कीमतों में लगभग 4 से 5 प्रतिशत तक की वृद्धि की जाएगी।

मदर डेयरी और अमूल ने बढ़ाए दूध के दाम, 12 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें
Mother Dairy and Amul have raised milk prices, new rates will come into effect from November 12.
शेयर करें

New Delhi: अब दूध पीना बड़ा महंगा पड़ने वाला है, क्योंकि मदर डेयरी और अमूल ने दूध के दाम बढ़ाकर अपने उपभोक्ताओं को बड़ा झटका दिया है। नई कीमतें 12 नवंबर से लागू होंगी। इस बढ़ोतरी के बाद उपभोक्ताओं को दूध खरीदने के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे, जिसका असर घरेलू बजट पर भी पड़ सकता है।

देश की प्रमुख डेयरी कंपनी ‘अमूल’ ने ताजा दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (जीसीएमएमएफ) ने बताया कि 12 नवंबर 2026 से देशभर में अमूल के प्रमुख दूध उत्पादों की कीमतों में लगभग 4 से 5 प्रतिशत तक की वृद्धि की जाएगी।

फेडरेशन के अनुसार, सबसे अधिक बिकने वाले अमूल ताजा टोंड दूध (3 प्रतिशत फैट) की कीमत में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जो लगभग 3.3 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं अमूल गोल्ड दूध (6 प्रतिशत फैट) के दाम 4 रुपए प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं, जो करीब 5.5 प्रतिशत की वृद्धि है। अमूल ने कहा कि दूध उत्पादन और प्रोसेसिंग की लागत में लगातार बढ़ोतरी के कारण कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

कंपनी के मुताबिक, पिछले एक वर्ष में हरे और सूखे चारे, पशु आहार में इस्तेमाल होने वाले तेल खली (ऑयल केक), मक्का, शीरा (मोलासेस), दूध पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अमूल ने बताया कि गुजरात सहित देश के कई हिस्सों में कम और असमान बारिश के कारण डेयरी किसानों को मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे हालात में उत्पादकों को बेहतर भुगतान देने और उनका समर्थन करने के लिए दूध की उपभोक्ता कीमतों में संशोधन करना आवश्यक हो गया है।

फेडरेशन के अनुसार, अमूल से जुड़े सदस्य दुग्ध संघों ने पिछले एक साल में किसानों को दिए जाने वाले दूध खरीद मूल्य में 4 से 5 प्रतिशत की वृद्धि की है। ताजा मूल्य संशोधन से किसानों को और बेहतर भुगतान मिल सकेगा। अमूल ने कहा कि सहकारी ढांचे के तहत उपभोक्ताओं से प्राप्त कुल राजस्व का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा उसके 36 लाख दुग्ध उत्पादक किसानों को वापस दिया जाता है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि दूध की बिक्री कीमत में हुई बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा सीधे किसानों तक पहुंचेगा, जिससे उन्हें अधिक दूध उत्पादन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

इसके दूसरी ओर मदर डेयरी ने भी अपने उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका दिया है। कंपनी ने दूध के सभी वैरिएंट के दाम में 2 से 4 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। नई कीमतें कल, 12 नवंबर से लागू होंगी।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में मदर डेयरी ने दूध की अलग-अलग श्रेणियों के दाम बढ़ा दिए हैं। नई दरों के मुताबिक, टोंड दूध (थोक वितरण) अब 58 रुपये के बजाय 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं, फुल क्रीम दूध के पाउच की कीमत 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर हो गई है। टोंड दूध के पाउच के लिए अब 60 रुपये की जगह 62 रुपये प्रति लीटर चुकाने होंगे। डबल टोंड दूध का दाम 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। इसके अलावा, गाय के दूध की कीमत में भी 3 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद यह 62 रुपये के बजाय 65 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

✍️Satyam Kushwah

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें। 

शेयर करें