राष्ट्रीय लोकदल केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान एवं अधिकार की आवाज है।✍️Anil Shahi
Updated Date
राष्ट्रीय लोकदल केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान एवं अधिकार की आवाज है। राजनीति का अर्थ केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज में भाईचारा मजबूत करना और आम आदमी के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। ये बातें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह के दौरान कही।
उन्होंने आगे अपने संबोधन में कहा कि चौधरी चरण सिंह जी ने हमेशा गांव, किसान और गरीब को राजनीति के केंद्र में रखा। उन्होंने किसानों को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और विकास की रीढ़ माना। राष्ट्रीय लोकदल उसी विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है। आज देश और प्रदेश की राजनीति में सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। हमारा प्रयास है कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए। गांव-गांव, शहर-शहर और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ऐसे कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाए, जो जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए संघर्ष करें।
राष्ट्रीय लोकदल के लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राजपूत करणी सेना के उपाध्यक्ष अजय सिंह और जौनपुर के वरिष्ठ राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मोहसिन राजा के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की। इनमें प्रमुख रूप से किसान मंडी के पूर्व सी ई ओ सुनील राणा, सबा नईम, एडवोकेट नरेन्द्र सिंह, इतिहासकार चरण सिंह स्वामी शामिल रहे। इनके अलावा उमा बाजपेयी, अमन तलवानी, इरफान मुमताज, दिव्यांश नदीम, नरेंद्र सिंह शशि कुमार, दीपक पाण्डेय, अंशुमान सिंह, मन्नू सिंह सहित सैकड़ों लोग ने राष्ट्रीय लोक दल की सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने सभी नवागत सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का राष्ट्रीय लोकदल से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि चौधरी चरण सिंह की विचारधारा, किसान हित, सामाजिक न्याय, भाईचारे और सर्वसमाज के सम्मान की राजनीति में आज भी जनता का विश्वास कायम है।
राष्ट्रीय लोकदल के लिए यह अत्यंत महत्वपूर्ण और उत्साहवर्धक दिन है। जौनपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों का पार्टी से जुड़ना हमारे लिए केवल सदस्य संख्या में वृद्धि नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा में लोगों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। मैं मोहसिन राजा जी, अजय सिंह जी और उनके साथ आए सभी साथियों का राष्ट्रीय लोकदल परिवार में हृदय से स्वागत करता हूं। आप सभी का पार्टी में शामिल होना राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जयंत चौधरी जी के हाथों को मजबूती प्रदान करेगा और संगठन को गांव, कस्बे तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर युवाओं का आह्वान करते हुए श्री सिंह ने कहा कि युवा हमारे संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। राष्ट्रीय लोकदल युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें संगठन में उचित जिम्मेदारी देने के लिए प्रतिबद्ध है। हमें ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जो राजनीति को सेवा का माध्यम मानें और जाति-धर्म से ऊपर उठकर समाज के हर व्यक्ति के सम्मान की बात करें। हमारी राजनीति का आधार किसान, जवान, युवा, महिला और सर्वसमाज का सम्मान है।
हम चाहते हैं कि प्रदेश में ऐसा राजनीतिक वातावरण बने जहां विकास के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द भी मजबूत हो और हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार मिले। मुझे पूरा विश्वास है कि आज राष्ट्रीय लोकदल से जुड़े ये सभी नए साथी आने वाले समय में संगठन को नई ऊर्जा देंगे। इनके जुड़ने से पार्टी का विस्तार होगा और संगठन की ताकत कई गुना बढ़ेगी। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जयंत चौधरी जी के नेतृत्व में पार्टी लगातार संगठन विस्तार और जनसरोकार के मुद्दों को लेकर सक्रिय है।
आने वाले समय में प्रदेश के सभी क्षेत्रों में सदस्यता अभियान को और गति दी जाएगी तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ा जाएगा। अंत में प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नवागत सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने और राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
✍️Anil Shahi
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।