New Delhi: आम आदमी पार्टी(AAP) के तीन विधायकों ने कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ज्वाइन कर ली। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इसे आम आदमी पार्टी के लिए एक बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है।
पंजाब BJP अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा, “BJP का काफिला दिनों-दिन बढ़ रहा है। बड़ी खुशी हो रही है कि कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा BJP में शामिल हो गए हैं। दिल की गहराई से उनका धन्यवाद। AAP डूबती नाव है।”
AAP ने अपने दो विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था। अब AAP विधानसभा स्पीकर से उनकी सदस्यता भी रद्द करने की मांग करेगी। दोनों विधायकों ने भी AAP से इस्तीफा दे दिया है।
बता दें, बीते दिन पंजाब के पटियाला जिले की दो विधानसभा सीटों से AAP के विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, पार्टी ने कहा था कि इन दोनों विधायकों को कार्रवाई के तहत निकाला गया है।
विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने AAP से इस्तीफा दे दिया था। वह पंजाब विधानसभा में सनौर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में विधायक चुने गए थे। बताया जा रहा है कि उनकी अपनी ही सरकार ने विधायक पठानमाजरा के खिलाफ कार्रवाई की थी, जिसके बाद उन्होंने पार्टी के खिलाफ तीखे तेवर अपना लिए थे और अब इस्तीफा दे दिया है।
वहीं, समाना से विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने भी अपनी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने AAP की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। बताया जा रहा है कि हाल ही में आई AAP की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में उनका नाम नहीं था, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया है।
चेतन सिंह जोड़ामाजरा साल 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में AAP के टिकट पर समाना से भारी मतों से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद वे भगवंत मान सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं। वहीं, पार्टी से निलंबित विधायक और पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी पंजाब विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया। उन्होंने विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को अपना इस्तीफा भेज दिया है।
इस पूरे मामले को लेकर पंजाब ‘आप’ प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने एक्स पोस्ट में लिखा था, “AAP ने हमेशा पंजाब को प्राथमिकता दी है। अगर हमारे किसी नेता ने कभी भ्रष्टाचार किया या पंजाब के हितों के खिलाफ काम करने की कोशिश की तो हमने बिना किसी हिचकिचाहट के उनके खिलाफ कार्रवाई की और ऐसे लोगों को पार्टी से बाहर निकाल दिया।”
✍️Satyam Kushwah
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।