उत्तर प्रदेश में कोविड मरीजों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है। शनिवार सुबह आई रिपोर्ट में 7 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई। महाराजगंज में एक दिन में 3 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। इसके अलावा गोरखपुर, बहराइच, गोंडा और प्रयागराज में भी 1-1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
पढ़ें :- FCRA AMENDMENT BILL 2026 : विदेशी फंडिंग पर नया कानून...क्या बदलेगा? जानिए 1976 से 2026 तक पूरी कहानी
इस दौरान 6 मरीज रिकवर भी हुए। फिलहाल प्रदेश में कुल 50 एक्टिव केस हैं। इनमें से 43 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। बाकी अस्पतालों में भर्ती हैं। इस महीने में अब तक राज्य में कुल 101 कोविड पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं।
शुक्रवार को प्रदेश भर में 42 हजार 520 जांच की गई हैं। पॉजिटिव आए मरीजों में 3 की जांच जिला अस्पताल में हुई हैं। वहीं 2 मरीज की RT-PCR जांच निजी पैथोलॉजी में हुई। इसके अलावा 2 मरीजों की एंटीजन जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यूपी में सबसे ज्यादा जांच अलीगढ़ में हुई। यहां एक दिन में 2282 कोविड सैंपल की जांच हुई। इसके अलावा लखनऊ में एक दिन में कुल 893 सैंपल की जांच की गई हैं।
यूपी में फिलहाल कोरोना संक्रमण के 50 एक्टिव केस हैं। फिलहाल सबसे ज्यादा मामले मेरठ में हैं। यहां 7 एक्टिव केस हैं। वहीं कुशीनगर में 6 एक्टिव केस हैं। इसके अलावा अम्बेडकर नगर, गौतमबुद्ध नगर, गोरखपुर और लखनऊ में 4-4 एक्टिव केस हैं। इसके अलावा महाराजगंज और अमरोहा में 3-3 एक्टिव मरीज हैं।