BJP on Congress : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद डॉ. संबित पात्रा ने शनिवार को ओडिशा के भुवनेश्वर में मीडिया को संबोधित किया।
Updated Date
BJP on Congress : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद डॉ. संबित पात्रा ने शनिवार को ओडिशा के भुवनेश्वर में मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज चुनाव आयोग के तीनों कमिश्नरों की बैठक के बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति ने कांग्रेस के आरोपों को स्पष्ट किया है। चुनाव आयोग ने बताया कि एसआईआर पर तीनों कमिश्नरों की पूर्ण सहमति थी और कैबिनेट सेक्रेटरी के साथ बैठक किसी नीतिगत विषय पर नहीं, बल्कि डेपुटेशन पर आए अधिकारी से संबंधित औपचारिक विषय पर हुई थी।
डॉ. पात्रा ने कहा कि कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता के समक्ष तथ्यों को रखना आवश्यक है, ताकि संवैधानिक संस्थाओं की प्रतिष्ठा और लोकतांत्रिक व्यवस्था सुरक्षित रहे।
डॉ. संबित पात्रा ने कहा कि सभी को पता है कि परसों किस प्रकार एक नामी अंग्रेजी अखबार में चुनाव आयोग पर कुछ आर्टिकल छपने के पश्चात तमाम विपक्षी पार्टियों और खासकर कांग्रेस पार्टी ने हमलावर तेवर में चुनाव आयोग ऑफ इंडिया और भारतीय जनता पार्टी पर हमला किया था।
उनका दावा था कि चुनाव आयोग और भाजपा मिली हुई हैं और कहीं न कहीं भारत के लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। इस कारण से भाजपा ने प्रेस वार्ता के माध्यम से अपना विषय जनता के सामने रखा था और बड़े स्पष्ट रूप से अपनी प्रेस वार्ता में यह बताया था कि तथ्य क्या थे। कांग्रेस पार्टी ने किस प्रकार विगत दिनों में चुनाव आयोग के साथ खिलवाड़ किया था और किस प्रकार सुप्रीम कोर्ट इत्यादि की मोहर एसआईआर पर लगी हुई है।
एसआईआर की जो प्रक्रिया तीसों राज्य के लिए चुनाव आयोग ने निकाली थी, उसमें तीनों इलेक्शन कमिश्नरों की सर्वसम्मति थी। आज दोपहर 3 बजे चुनाव आयोग के तीनों कमिश्नरों की बैठक हुई और उसके पश्चात चुनाव आयोग ने एक सार्वजनिक प्रेस विज्ञप्ति जारी किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि चुनाव आयोग ने महत्वपूर्ण बातें बताई हैं और एक राजनीतिक पार्टी होने के नाते यह हमारा कर्तव्य है कि इन बातों को जनता और देश के समक्ष रखा जाए कि किस प्रकार अपने स्वार्थ के लिए कांग्रेस पार्टी संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रही है और किस प्रकार वह संवैधानिक संस्थाओं की प्रतिष्ठा को तार-तार करना चाहती है। आज की बैठक के बाद चुनाव आयोग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में सबसे महत्वपूर्ण विषय यह है कि चुनाव आयोग और मुख्यतः
भाजपा को लेकर जो आरोप लगाया गया था कि चुनाव आयोग के अंदर तीनों कमिश्नरों के बीच सहमति नहीं थी, वह विषय इतना गंभीर हो गया था कि कैबिनेट सेक्रेटरी तक गया और उन्हें इसमें हस्तक्षेप करना पड़ा। साथ ही, यह आरोप लगाया गया था कि भाजपा अपने बचाव के लिए चुनाव आयोग को प्यादे के रूप में इस्तेमाल कर रही है। यह एक बात स्पष्ट रूप से दिखाती है और वह है कांग्रेस पार्टी में परिपक्वता की कमी और देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की एक साजिश।
कांग्रेस पार्टी में अपने विषयों को प्रस्तुत करने में परिपक्वता नहीं है। ऐसा नहीं है कि वह अपरिपक्वता में यह सब कर रहे हैं। उनका उद्देश्य किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करना है और इसके लिए वे किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।
डॉ. पात्रा ने कहा कि गिरने में भी जिस प्रकार का प्रदर्शन कांग्रेस पार्टी का रहा है, वह अपरिपक्व है। इस प्रकार देश के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर हमला नहीं होता है। 2014 के पश्चात कांग्रेस पार्टी के इतिहास को देखें तो ऐसी कोई संस्था नहीं है जिस पर कांग्रेस पार्टी ने हमला नहीं किया हो। भारतवर्ष की किसी राजनीतिक पार्टी ने भारतीय सेना के ऊपर हमला नहीं किया है, मगर कांग्रेस पार्टी और उससे जुड़ी कुछ सहयोगी पार्टियों ने भारतीय सेना पर भी हमला किया है।
सर्जिकल स्ट्राइक हो या एयर स्ट्राइक, उन्होंने उसके भी सबूत मांगे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने डीजीएमओ यानी डायरेक्टर जनरल मिलिट्री ऑपरेशंस जैसे भारतीय सेना के महत्वपूर्ण पद पर बैठे अधिकारी को भी झूठा और एजेंट कहा था। यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट के जजों के ऊपर भी कांग्रेस पार्टी ने जिस प्रकार का हमला किया और उन्हें भी कठपुतली बताया, वह दिखाता है कि कांग्रेस पार्टी ने किसी भी संस्था को नहीं छोड़ा है।
डॉ. संबित पात्रा ने कहा कि आज की इस चिट्ठी में बड़े स्पष्ट रूप से बताया गया है कि कैबिनेट सेक्रेटरी के साथ हुई बैठक एक औपचारिक बैठक थी और उसका रिकॉर्ड भी रखा जाता है। यह केवल सामान्य बैठक नहीं थी, जिसका कोई लेखा-जोखा न हो। चुनाव आयोग ने स्पष्ट रूप से बताया है कि कैबिनेट सेक्रेटरी के साथ हुई बैठक चुनाव आयोग के किसी नीतिगत मामले या आईटी विभाग से संबंधित किसी विषय को लेकर नहीं थी।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य डेपुटेशन पर चुनाव आयोग में आए एक अधिकारी के विषय में चर्चा करना था। डेपुटेशन पर अधिकारी आते हैं और उनके विषय में सरकार के विभिन्न स्तरों पर चर्चा होती है। उसी विषय पर कैबिनेट सेक्रेटरी के साथ बैठक हुई थी। कांग्रेस पार्टी ने इस बैठक को असहमति के कारण हुई चर्चा के रूप में प्रस्तुत किया, जबकि आज चुनाव आयोग की चिट्ठी में स्पष्ट रूप से यह बात सामने आई है कि एसआईआर तीनों कमिश्नरों के हस्ताक्षर और पूर्ण सहमति के साथ हुआ है।
एसआईआर पूरे देश के लिए 24 जून 2025 को जारी हुआ था। इसे कोर्ट में भी चुनौती दी गई थी और उस समय भी भाजपा ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का उल्लेख करते हुए बताया था कि 27 मई 2026 को देश के सर्वोच्च न्यायालय ने एसआईआर को वैध माना था और कहा था कि एसआईआर किया जा सकता है। तीनों कमिश्नर एसआईआर के विषय पर एकमत थे और सर्वोच्च न्यायालय ने भी इसके पक्ष में निर्णय दिया था। कैबिनेट सेक्रेटरी के पास जाना भी किसी नीतिगत विषय को लेकर नहीं हुआ था। इसके बावजूद कांग्रेस पार्टी ने इस पूरे विषय को लेकर हमला करने की कोशिश की।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी यह बात समझ लेनी चाहिए कि इस देश की जनता में समझदारी है। जनता जानती है कि आखिरकार विपक्ष यह सब क्यों कर रहा है। किसी भी कीमत पर सत्ता प्राप्त करना ही राहुल गांधी का लक्ष्य है। राहुल गांधी सत्ता प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं और इसी कारण चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट तथा भारत की संवैधानिक संस्थाओं पर आक्रमण कर रहे हैं। उनका मोटो है कि हम जीत नहीं सकते हैं, इसलिए लोकतंत्र के खेल को ही बिगाड़ देते हैं, जिसको हम साधारण हिंदी में कहते हैं कि “हमें नहीं मिल रहा है, तो चलो खीर खिंडा देते हैं ताकि किसी को भी न मिले।”
मगर भारत जैसे महान देश में इस प्रकार संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करने के बाद जनता कांग्रेस और राहुल गांधी को क्षमा कर दे, ऐसा नहीं हो सकता है। राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी आज एक बार फिर बेनकाब हो गए हैं। आज चुनाव आयोग ने जो सार्वजनिक बयान जारी किया है, उसके अंतिम पेज पर एक तस्वीर है, जिसमें तीनों कमिश्नर एक साथ बैठे हुए हैं। तीनों कमिश्नर एक साथ बैठकर यह प्रेस विज्ञप्ति जारी कर रहे हैं, जिस प्रकार चुनाव आयोग के ऊपर हमला किया जा रहा था, आज दूध का दूध और पानी का पानी हो गया है। (आईएएनएस)
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।