H1N1 Virus : राज्य के अलग-अलग हिस्सों से जांच के लिए आए संदिग्ध मरीजों के सैंपल में अब तक 8 में H1N1 संक्रमण की पुष्टि होने की जानकारी सामने आई है।✍️Vishwajeet bhatt
Updated Date
H1N1 Virus : झारखंड में H1N1 वायरस से होने वाले स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ते नजर आ रहे हैं। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से जांच के लिए आए संदिग्ध मरीजों के सैंपल में अब तक 8 में H1N1 संक्रमण की पुष्टि होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।
रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के हेड डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि उनके विभाग में जांच के लिए आए कई सैंपल में H1N1 संक्रमण मिला है। ऐसे में राज्य में स्वाइन फ्लू को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राजधानी रांची में भी कई लोगों के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की सूचना है। रिम्स माइक्रोबायोलॉजी विभाग के एक डॉक्टर और उनके बेटे के संक्रमित होने की भी जानकारी सामने आई है। इसके अलावा एक हॉस्टल के कुछ छात्रों में भी संक्रमण की खबर है। वहीं, एक निजी अस्पताल में स्वाइन फ्लू के मरीज भर्ती होने की सूचना है। इन मामलों की आधिकारिक पुष्टि स्वास्थ्य विभाग की ओर से नहीं की गई है।
स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सभी सिविल सर्जनों और सदर अस्पतालों के उपाधीक्षकों को तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। एसीएस हेल्थ की अध्यक्षता में हुई ऑनलाइन बैठक में संभावित मामलों को देखते हुए अस्पतालों को पहले से तैयारी रखने को कहा गया था। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि ये निर्देश संभावित स्थिति से निपटने के लिए दिए गए हैं और विभाग की ओर से राज्य में स्वाइन फ्लू के मामलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें : रक्षाबंधन के अवसर पर इकलौती बुआ से मुलाकात करने इटावा पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला स्तर पर संदिग्ध मरीजों की पहचान, जांच और उपचार से जुड़ी व्यवस्थाएं तैयार रखने पर जोर दिया गया है। अस्पतालों को संभावित मरीजों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य अधिकारियों को स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार के अनुसार H1N1 संक्रमण आमतौर पर बहुत ज्यादा खतरनाक नहीं होता। हालांकि, गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों में संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। ऐसे लोगों को विशेष सावधानी बरतने और लक्षण सामने आने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की जरूरत है।
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
✍️Vishwajeet bhatt
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।