1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. News Bulletin : अगर रहना चाहते है ‘अप टू डेट’ तो कम शब्दों में पढ़ें सुबह की 10 बड़ी ख़बरें

News Bulletin : अगर रहना चाहते है ‘अप टू डेट’ तो कम शब्दों में पढ़ें सुबह की 10 बड़ी ख़बरें

Morning Top 10 Breaking News : सुबह की वो दस बड़ी खबरें जिन पर लगातार नजर बनी रहेंगी.

By इंडिया वॉइस 

Updated Date

नई दिल्ली, 06 फरवरी 2022 

पढ़ें :- श्रीनगर-कटरा वंदे भारत शुरू: कश्मीर को मिली रफ्तार

1. BJP आज जारी करेगी अपना संकल्प पत्र, सीएम योगी और गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के अन्य बड़े नेता रहेंगे मौजूद 

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण का चुनाव दस फरवरी को होना है। लिहाजा पार्टी पूरे जोर शोर से जनता को लुभाने में लगी हुई हैं। अब इसी सिलसिले में भाजपा आज यानी रविवार को अपना संकल्प पत्र जारी करेगी। इस मौके पर केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के चुनाव प्रभारी और केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समेत पार्टी के अन्य बड़े नेता शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार भाजपा अपने संकल्प पत्र में किसान के मुद्दों के साथ साथ महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था और रोजगार के मुद्दे को केंद्र में रख सकती है।

2. राजधानी दिल्ली, केरल समेत देश के अन्य राज्यों में कोरोना की रफ़्तार पर लगी रोक 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में देश में कोविड-19 के 1,27,952 नए मामले सामने आए। इस तरह संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,20,80,664 हो गई।  देश में एक्टिव केस की संख्या घटकर 13,31,648 रह गई है। वहीं, पिछले 24 घंटे में कोरोना के चलते 1,059 और लोगों की मौत हुई है।

पढ़ें :- Motorola Razr 70 Series लॉन्च: Ultra से Plus तक सब कुछ

इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर 5,01,114 हो गई है। संक्रमण के कुल मामलों में एक्टिव केस की हिस्सेदारी 3.16 फीसदी है।  स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में एक्टिव मरीजों की संख्या में 1,03,921 की कमी देखी गई है। देश में कोविड रिकवरी रेट 95.64 फीसदी है।

3. दिल्ली में काम करने वाले यूपी के वोटर्स को मतदान वाले दिन मिलेगी छुट्टी, नहीं कटेगा पैसा 

दिल्ली सरकार ने शनिवार को घोषणा की है कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव मतदान वाले दिन राष्ट्रीय राजधानी में काम करने वाले उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को अवकाश मिलेगा। इसके लिए उनके वेतन में भी किसी तरह की कटौती नहीं की जाएगी। ऐसा करने के पीछे वजह जो बताई गई है वो ये कि मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।

इसके पीछे जो कारण है वो ये कि दिल्ली की सीमा यूपी से सटी हुई है और पश्चिमी यूपी में पहले चरण यानी दस फरवरी को मतदान होना ।  लिहाजा पश्चिमी यूपी के अधिकांश वोटर राजधानी दिल्ली में काम करते हैं ऐसे में इसी बात को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने यह फैसला लिया है।

4. झारखंड में पंचायत चुनाव कराने की तैयारी में हेमंत सरकार, जल्द ही हो सकती है घोषणा 

पढ़ें :- बंगाल में BJP की आंधी? एग्जिट पोल vs असली सच्चाई

झारखंड में पंचायत के चुनाव होने हैं। इसके लिए राज्य चुनाव आयोग तैयारियां भी कर रहा है। चुनाव आयोग ने 5 जनवरी को नई मतदाता सूची जारी की थी, जिसके विखंडन का काम पूरा हो चुका है। वहीं, 31 जनवरी को आयोग ने मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया और आपत्तियां मांगी हैं। राज्य में 6,42,928 मतदाता बढ़ाए गए हैं।

सोमवार को फाइनल सूची का प्रकाशन चुनाव आयोग करेगा। पंचायत चुनाव के लिए झारखंड में कुल 2 करोड़ 44 लाख 73 हजार 937 वोटर हैं। इनमें पुरुषों की संख्या 1 करोड़ 26 लाख 13 हजार 219 और महिलाओं की संख्या 1 करोड़ 18 लाख 60 हजार 442 है।  276 थर्ड जेंडर हैं। लिहाजा 25 फरवरी से बजट सत्र की शुरुआत होनी है जो एक महीने तक चलेगी।  बजट सत्र की समाप्ति के बाद पंचायत चुनाव की घोषणा की जा सकती है।

5. प्रदेश में स्कूल और कॉलेजों को दुबारा खोलने की तैयारी में जुटी प्रशासन, गृह सचिव ने दी जानकारी 

कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ते ही प्रदेश सरकार ने सोमवार से स्कूल-कॉलेज खोलने की तैयारी कर ली है। इसका औपचारिक आदेश रविवार को जारी होगा। ऐसी संभावना है कि शिक्षण संस्थानों में फिलहाल कक्षा नौ से ऊपर की कक्षाओं के विद्यार्थियों को ही बुलाया जाएगा। इसके अलावा कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखने की शर्त बनी रहेगी। इस सन्दर्भ में अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि सोमवार से स्कूल-कॉलेज खोलने पर विचार किया जा रहा है।

6. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज गोवा में करेंगे वर्चुअल रैली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वर्चुअल रैली के माध्यम से उत्तरी गोवा के 20 विधानसभा क्षेत्रों में हजारों लोगों और पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। रैली का प्रसारण 20 चुनाव क्षेत्रों में से हर एक में चिन्हित स्थानों पर एलईडी स्क्रीन पर किया जाएगा। रैली में बीजेपी के केंद्रीय और गोवा के नेताओं के अलावा प्रत्येक स्थान पर लगभग 500 लोग शामिल होंगे।

पढ़ें :- बंगाल वोटिंग: 142 सीटों पर कड़ा सियासी मुकाबला

7. भारत ने पांचवीं बार जीता अंडर 19 वर्ल्ड कप

भारत अंडर-19 क्रिकेट का वर्ल्ड चैंपियन बन गया है। यश ढुल की कप्तानी वाली टीम ने इतिहास रचते हुए रिकॉर्ड पांचवीं बार भारत को वर्ल्ड चैंपियन बना दिया। पूरे टूर्नामेंट में हर मैच जीतने वाली भारतीय टीम ने फाइनल में भी जीत के सिलसिले को जारी रखा और इंग्लैंड को छोटे स्कोर वाले मुकाबले में 4 विकेट से हरा दिया। भारत ने 2018 के बाद ये खिताब अपने नाम किया है। टीम इंडिया की जीत के स्टार रहे ऑलराउंडर राज अंगद बावा, जिन्होंने पहले गेंद से कहर बरपाया और फिर बल्ले से अहम पारी खेलकर टीम को खिताब दिलाया।

8. प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों की 50 % सीट की फीस सरकारी कॉलेज के बराबर होगी

नेशनल मेडिकल कमीशन ने शनिवार को प्राइवेट मेडिकल कॉलेज और डीम्ड विश्वविद्यालयों में 50 फीसदी सीटों के संबंध में फीस और अन्य सभी शुल्कों के निर्धारण के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। साथ ही बताया कि प्राइवेट मेडिकल कॉलेज की 50 फीसदी सीटों की फीस संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेज के बराबर होगी। इसका मतलब ये हुआ कि अब कम खर्च में ही छात्र मेडिकल की पढ़ाई कर सकेंगे।

9. पीएम मोदी आज यूपी के मथुरा, आगरा, बुलंदशहर में वर्चुअली करेंगे जनसभा को संबोधित 

आज उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चौथी रैली होने वाली है। आज यूपी के तीन जिले मथुरा, आगरा, बुलंदशहर में पीएम मोदी के जन चौपाल का कार्यक्रम है। दोपहर 1.30 बजे होने वाला ये कार्यक्रम वर्चुअल रैली ही होगी, जिसे बीजेपी ने जन चौपाल का नाम दिया है। यूपी के बाद शाम 5.30 बजे पीएम मोदी उत्तरी गोवा की जनता को वर्चुअल मीडियम से संबोधित करेंगे। इसके बाद उत्तर प्रदेश के लिए 10 फरवरी को प्रधानमंत्री की वर्चुअल रैली होने वाली है।

10. छात्रों को भड़काने के आरोप में गिरफ्तार हुए हिन्दुस्तानी भाऊ को कोर्ट ने 14 दिनों के न्यायिक हिरासत में भेजा 

पढ़ें :- West Bengal Voting: 142 सीटों पर सियासी महासंग्राम

सोशल मीडिया इन्फलुएंसर विकास पाठक उर्फ हिंदुस्तानी भाऊ को शनिवार को कोर्ट के सामने पेश किया गया। इसके बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। विकास पाठक पर मंगलवार को छात्रों को प्रदर्शन के लिए उकसाने का आरोप है। विकास उर्फ हिंदुस्तानी भाऊ के वकील महेश मुले ने बताया कि उन्होंन मजिस्ट्रेट के पास जमानत यचिका लगाई है। कोर्ट जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई करेगा। हालांकि तब तक विकास को जेल में ही रहना होगा। जनाकारी के अनुसार विकास पर आईपीसी की धारा 353, 332, 427, 109, 224, 143, 146, 147, 149 और दंगे भड़काने समेत आईपीसी की धारा 188, 269, 270 के तहत भी मामला दर्ज है।

 

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook, YouTube और Twitter पर फॉलो करे...
Booking.com
Booking.com