नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी मेन बाजार में पुरानी रंजिश के चलते एक गुट के लोगों ने बेखौफ होकर दूसरे गुट के घर पर हमला कर दिया। पहले गुट की तरफ से बड़ी संख्या में आए लोगों ने दूसरे गुट के घरों पर निशाना बनाया। घरों पर जमकर पथराव किया।
पढ़ें :- दिल्ली में 200 नई ई-बसों की सौगात, DTC का इलेक्ट्रिक बस बेड़ा 5 हजार के पार
नाराज व्यापारी पुलिस अधिकारियों के सामने धरने पर बैठे
हमलावर हाथों में पत्थर और चाकू लहरा रहे थे। हमलावरों को प्रशासन का जरा भी खौफ नहीं था। घटना से नाराज होकर मार्केट के सभी व्यापारी बीच बाजार पुलिस अधिकारियों के सामने धरने पर बैठ गए। जानकारी के मुताबिक कल्याणपुरी 11 और 16 ब्लॉक के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही है। जिससे अक्सर वारदात होती रहती है। इसकी वजह से मार्केट के व्यापारी बेहद परेशान हैं।
आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने कहा कि हमलावर आते ही पत्थर व कांच की बोतल फेंकने लगते हैं। जैसे-तैसे हम लोग अपने घरों में अपनी जान बचाकर रहते हैं, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं करती। लंबे समय से पुलिस को शिकायत दी गई है। इसके बाद भी आरोपियों में दिल्ली पुलिस का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा। कल्याणपुरी में बाजार के व्यापारियों ने थाना कल्याणपुरी एसीपी और sho की उपस्थिति में दिल्ली पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए।