यूपी के मिर्जापुर जिले में एटा जिले का खनन निरीक्षक अपने साथी के साथ अवैध वसूली करते पकड़ा गया। वह फर्जी खनन अधिकारी बनकर अवैध वसूली कर रहा था।
Updated Date
मिर्जापुर। यूपी के मिर्जापुर जिले में एटा जिले का खनन निरीक्षक अपने साथी के साथ अवैध वसूली करते पकड़ा गया। वह फर्जी खनन अधिकारी बनकर अवैध वसूली कर रहा था। उसके काम में उसका साथी भी सहयोग कर रहा था।
ड्रमंडग़ंज पुलिस ने शुक्रवार की भोर में हनुमाना बॉर्डर से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। खनन निरीक्षक सस्पेंड चल रहा है। एएसपी नक्सल ओपी सिंह ने बताया कि ड्रमंडग़ंज पुलिस को सूचना मिली कि हनुमना बॉर्डर पर फर्जी खनन अधिकारी बनकर अवैध वसूली की जा रही है।
सूचना पर सीओ लालगंज मंजरी राव के साथ पहुंची ड्रमंडगंज पुलिस ने फर्जी वसूली कर रहे सुधांशु त्रिवेदी निवासी भाटी थाना हनुमाना जिला रीवा (मध्य प्रदेश) व आशीष जायसवाल उर्फ रामखेलावन निवासी कस्बा थाना जिला रीवा (मध्य प्रदेश) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से फर्जी आधार कार्ड व परिचय पत्र मिला। जिस पर खनन अधिकारी जिला एटा लिखा था।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया। एएसपी नक्सल ने बताया कि सुधांशु रंजन त्रिवेदी एटा में खान निरीक्षक के पद पर नियुक्त था। जहां अवैध वसूली करने के कारण सितंबर 2021 में निलंबित कर दिया गया था।
इसे लखनऊ मुख्यालय द्वारा प्रयागराज के कटरा खनन कार्यालय से संबंध कर दिया गया था। सुधांशु रंजन द्विवेदी अपने सहयोगी आशीष जायसवाल के साथ जिला खनन अधिकारी एटा बनकर ट्रकों को रोककर अवैध वसूली कर रहा था। सुधांशु त्रिवेदी इसके पहले जौनपुर में भी अधिकारी बनकर वसूली के मामले में पकड़ा गया था।