Asian Games 2026 : भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में फाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क के मैदान पर हुए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 124 रनों से रौंदा। भारतीय टीम से मिले 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम 9.5 ओवर में सिर्फ 45 रन बनाकर ऑलआउट हुई।
पढ़ें :- राहुल गांधी का बालाघाट दौरा, मृत आदिवासी बच्चों के परिवारों से करेंगे मुलाकात
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सिनेथ जयवर्धने, लसिथ क्रूसपुले और सोहन डी लिवेरा बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। टॉप तीन बल्लेबाजों के जीरो पर आउट होने के बाद बने दबाव से श्रीलंकाई टीम पूरे मैच में नहीं उबर सकी। नुवानिदु फर्नांडो ने 11 गेंदों में 15 रन बनाए, जबकि कप्तान सहान अराचिगे 8 गेंदों में 9 रन बनाकर आउट हुए।
एशेन बंडारा को भी अक्षर पटेल ने बिना खाता खोले आउट किया। वानुजा सहन एक रन बनाकर वॉशिंगटन सुंदर का शिकार बने। इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला लगातार जारी रहा और श्रीलंका की पूरी टीम सिर्फ 45 रनों पर ढेर हो गई। श्रीलंका के छह बल्लेबाज खाता खोलने में नाकाम रहे। सिर्फ नुवानिदु ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। गेंदबाजी में भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट निकाला।
इससे पहले, टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 169 रन बनाए। भारतीय टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा महज 7 रन बनाकर आउट हुए, तो संजू सैमसन भी 9 गेंदों का सामना करने के बाद 7 रन ही बना सके। कप्तान श्रेयस अय्यर भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए और 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वैभव सूर्यवंशी अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने 21 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 38 रनों की दमदार पारी खेली।
तीन विकेट गिरने के बाद क्रीज पर उतरे ईशान किशन ने इसके बाद मोर्चा संभाला। एक तरफ से लगातार विकेट गिरने के बावजूद, ईशान क्रीज पर डटे रहे। ईशान ने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 46 गेंदों का सामना करते हुए 80 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 4 चौके और 5 छक्के लगाए। अक्षर पटेल 8 रन बनाकर आउट हुए, तो तिलक वर्मा (2 रन) और शिवम दुबे (3 रन) का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा।
पढ़ें :- प्रसिद्ध कृष्णा हुए हैमस्ट्रिंग इंजरी का शिकार, तीसरे वनडे में खेलना मुश्किल
श्रीलंका के लिए गेंदबाजी में थारिन्दु रथनायके ने 32 रन खर्च करके 2 विकेट झटके, जबकि कप्तान सहान अराचिगे ने 28 रन देकर 2 विकेट चटकाए। फाइनल मुकाबले में अब भारतीय टीम की भिड़ंत 3 अक्टूबर को पाकिस्तान से होगी। वहीं, श्रीलंका ब्रॉन्ज मेडल मैच में बांग्लादेश से भिड़ेगी। (आईएएनएस)
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।