केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वाहनों को पेट्रोल, डीजल की जगह एथेनाल से चलाया जाएगा, जिससे विदेश को जाने वाले 16 लाख करोड़ की बचत होगी।
Updated Date
देवरिया। केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वाहनों को पेट्रोल, डीजल की जगह एथेनाल से चलाया जाएगा, जिससे विदेश को जाने वाले 16 लाख करोड़ की बचत होगी।
किसानों को अन्नदाता ही नहीं ऊर्जा दाता बनने की जरूरत है। देश के विकास के लिए गांवों व गरीबों का विकास जरूरी है। इसके लिए स्मार्ट गांव बनाने होंगे। रोड के विकास से देश तरक्की करेगा। यही वजह है कि देश में हर जगह फोर लेन, सिक्स लेन और आठ लेन की सड़कों का निर्माण तेजी से हो रहा है।
श्री गडकरी बतौर मुख्य अतिथि सोमवार को देवरिया के चीनी मिल ग्राउंउ में छह हजार करोड़ की पांच परियोजनाओं के शिलान्यास के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों का भविष्य गेहूं, चावल, गन्रा उगाने से नहीं संवरेगा। देश के विकास के लिए गांव, गरीब का विकास जरूरी है।
कहा कि देश में मौजूदा समय में एथेनाल बनाया जा रहा है, लेकिन इसे और बढ़ाने के लिए सभी को सहयोग करना होगा। पेट्रोल के दाम बढ़ने से पड़ोसी देश श्रीलंका, बांग्लादेश और नेपाल सरकार भारत से एथेनाल की डिमांड कर रही है। आने वाले समय में देश उनकी मांगों को पूरा करने में सक्षम होगा।
सभी जिलों में बनेंगे बाईपास, शहर को मिलेगी जाम से मुक्ति
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत भरोसे और विश्वास का प्रतीक बन रहा है। निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की ऐतिहासिक जीत पर लोगों को धन्यवाद दिया। कहा कि सभी जिलों में बाईपास बनाए जाएंगे। इसके निर्माण से शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी।
वहीं क्षेत्र का विकास भी होगा। बैतालपुर में शुगर कांप्लेक्स बनेगा। 2017 के पहले की सरकारों ने चीनी मिलों को बंद करने का काम किया है। एक बार फिर से इस जिले को चीनी का कटोरा होने का गौरव प्राप्त होगा।
उधर, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ में भी 2,200 करोड़ से अधिक के निवेश से पांच राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास किया।