रायबरेली : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर उनके संसदीय क्षेत्र रायबरेली के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है। सोनिया ने अपने क्षेत्र के लोगों से पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में वोट करने की अपील की है। उन्होंने इस बात पर प्रशंसा व्यक्त की कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने राज्य विधानसभा चुनावों के लिए 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिए हैं।
पढ़ें :- नवंबर में राज्यसभा चुनाव के बाद बसपा के सामने शून्य का संकट
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के मतदाताओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। सोनिया गांधी ने रायबरेली के पार्टी द्वारा घोषित सभी उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताने की अपील की। सोनिया गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार में रायबरेली के साथ सौतेला व्यवहार किया गया। उन्होंने वादा किया कि हम आपके जीवन को बेहतर बनाने वाली राजनीति के प्रति समर्पित हैं। हम आपको ऐसा विधायक देना चाहते हैं, जो दिन रात आपके लिए काम करे और आपको मजबूत बनाने वाली योजनाएं बनाए।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव आपके लिए बहुत ही महत्वपूर्ण चुनाव हैं क्योंकि आपने पांच साल ऐसी सरकार देखी, जिसने आपके बीच अलगाव पैदा करने के अलावा कुछ काम नहीं किया। किसान इतनी मेहनत से देश के लिए अन्न उगाते हैं। इन पांच सालों में आपको ना तो फसलों का दाम मिला, ना खाद मिली और ना ही सिंचाई की सुविधा है। आवारा पशु किसानों की फसल को बर्बाद कर देते हैं। ठीक यही हाल नौजवानों का है। नौजवान अपने आने वाले कल के लिए मेहनत से पढ़ाई करते हैं, नौकरी की तैयारी करते हैं। लेकिन भाजपा सरकार ने घर बिठा दिया।
मोदी-योगी सरकार ने विकास की योजनाओं पर लगाई रोक
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आपका बोझ हल्का करने की बजाय आपकी मेहनत से बनाई गई सरकारी कंपनियों को कौड़ी के दाम अपने चहेतों को बेच दिया। लिहाजा बेरोजगारी काफी बढ़ गई। कांग्रेस की राजनीति सेवा की और आपको अधिकार देने की है। हमने मनरेगा जैसा कानून बनाकर आपको रोजगार का अधिकार दिया, जिससे आप अपना जीवन बेहतर बना सकें। लेकिन अफ़सोस की बात है कि ऐसे संकट के समय मनरेगा का बजट बढ़ाने के बजाय कम कर दिया गया।
पढ़ें :- झमाझम बारिश ने तोड़ा चार साल का रिकॉर्ड... स्कूल बंद, सड़कें बनीं तालाब, ऑरेंज अलर्ट जारी
कांग्रेस ने लॉकडाउन में सेवा की राजनीति की
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लॉकडाउन के दौरान भी सेवा की राजनीति की। आप घरों से दूर फंसे थे, आपको घर पहुंचाया, जितनी भी आपकी मदद हो सकती थी, कांग्रेस ने की। सेवा और अधिकारों की राजनीति के रास्ते पर चलते हुए ही उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी एक नई राजनीति का विजन लेकर आई है। इसमें युवाओं को रोजगार, महिलाओं को अधिकार, किसान भाइयों को सुविधाएं देने का और आमजनों को महंगाई से निजात दिलाने की योजना है। हमने महिलाओं के लिए शक्ति विधान, युवाओं के लिए भर्ती विधान और उत्तर प्रदेश के विकास के लिए उन्नति विधान तैयार किया है। मुझे ख़ुशी है कि प्रियंका ने इस बार 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिए हैं।