यूपी के संभल जिले से शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 6 माह की बच्ची को घर से खिलाने के बहाने ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है।
Updated Date
संभल। यूपी के संभल जिले से शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 6 माह की बच्ची को घर से खिलाने के बहाने ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है।
घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर पिटाई की। इस मामले में पीड़ित मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 6 माह की बच्ची के साथ हैवानियत करने की घटना बहजोई थाना इलाके के एक गांव की है।
बदायूं जिले के बिसौली थाना इलाके के गांव निवासी महिला बीते 7 सितंबर को बहजोई के गांव स्थित अपने मायके आई हुई थी। उसी दिन शाम को पड़ोस का युवक आया और महिला की 6 माह की बेटी को खिलाने के बहाने बाहर ले गया। बताते हैं कि काफी देर तक जब बच्ची को लेकर युवक घर नहीं लौटा तो महिला को चिंता सताने लगी और वह बच्ची को ढूंढते हुए घर से बाहर निकली। इसी बीच गांव के लोग खून से लथपथ बच्ची को लेकर आते दिखाई दिए।
महिला को जब दुष्कर्म की आशंका हुई तो उसने शोर मचा दिया। दुष्कर्म की घटना की जानकारी होने पर गांव के लोगों में गुस्सा पनप गया और आरोपी की जमकर धुनाई कर डाली। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में पीड़ित महिला ने आरोपी के खिलाफ बहजोई थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्रीशचंद्र ने बताया कि महिला की तहरीर पर दुष्कर्म के आरोपी संजीव निवासी मंडनपुर थाना बहजोई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।