नई दिल्ली। मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में रविवार (28 जुलाई) को भारत के पदक का खाता खोल दिया। उन्होंने कांस्य पदक पर कब्जा कर भारत को गौरवान्वित कर दिया। मनु ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में 221.7 के स्कोर के साथ फाइनल में तीसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर PM मोदी ने मनु को बधाई दी है।
पढ़ें :- PM मोदी 51 हजार से ज्यादा युवाओं को देंगे नियुक्ति पत्र, 20वें रोजगार मेले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगा कार्यक्रम
इस स्पर्धा का स्वर्ण और रजत पदक दक्षिण कोरिया की दो एथलीट्स ने जीता। ओह ये जिन ने 243.2 के स्कोर के साथ स्वर्ण और किम येजी ने 241.3 के स्कोर के साथ रजत पदक अपने नाम किया। मनु भाकर शूटिंग में भारत को ओलंपिक पदक दिलाने वाली भारत की पहली महिला एथलीट हैं। इसके पहले 2012 लंदन ओलंपिक में गगन नारंग और विजय कुमार ने शूटिंग में पदक जीता था।
हरियाणा की 22 साल की इस निशानेबाज ने चेटरौक्स शूटिंग सेंटर में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में तीसरा स्थान हासिल करने के बाद पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनीं। मनु से पहले चारों एथलीट्स पुरुष थे। वह राज्यवर्धन सिंह राठौड़, अभिनव बिंद्रा, गगन नारंग और विजय कुमार के क्लब में शामिल हो गईं।
मनु का गौरवशाली रिकार्ड
मनु 50 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और 70 से अधिक राष्ट्रीय पदक जीत चुकी हैं। 2021 में हुए ओलंपिक में वह सातवें स्थान पर रहीं। 2023 में मनु ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। वह पेरिस ओलंपिक में 21 सदस्यीय भारतीय शूटिंग टीम से कई व्यक्तिगत स्पर्धाओं में हिस्सा लेने वाली एकमात्र एथलीट हैं। हरियाणा के झज्जर में जन्मीं मनु भाकर ने स्कूल के दिनों में टेनिस, स्केटिंग और मुक्केबाजी समेत कई खेलों में हिस्सा लिया।
पढ़ें :- PM मोदी के 25 साल के सेवा सफर पर दिल्ली बीजेपी का बड़ा अभियान, यमुना सफाई पर 8 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट
पीएम मोदी ने मनु भाकर को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनु भाकर को पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक ‘X’ अकाउंट पर लिखा। ऐतिहासिक पदक! पेरिस ओलंपिक में भारत को पहला दिलाने के लिए मनु भाकर को बधाई। यह कांस्य पदक और सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि मनु निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। यह एक अविश्वसनीय उपलब्धि है।