1. हिन्दी समाचार
  2. क्षेत्रीय
  3. Hajj Pilgrimage : हज यात्रा पर महामारी और महंगाई पड़ी भारी, अभी तक 63 हजार फॉर्म भरे गए

Hajj Pilgrimage : हज यात्रा पर महामारी और महंगाई पड़ी भारी, अभी तक 63 हजार फॉर्म भरे गए

दिल्ली राज्य हज समिति के अध्यक्ष मुख्तार अहमद ने माना है कि हज यात्रा 2022 को लेकर व्याप्त अनिश्चितता और महंगाई की वजह से यात्रा के इच्छुक लोग कम संख्या में आवेदन कर रहे हैं।

By इंडिया वॉइस 

Updated Date

नई दिल्ली, 29 जनवरी। कोरोना महामारी की तीसरी लहर और बढ़ती महंगाई का हज यात्रा की आवेदन प्रक्रिया पर भी बुरा असर पड़ा है। हज यात्रा 2022 के लिए आवेदन फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 31 जनवरी है। लेकिन पूरे देश से अभी तक करीब 63 हजार आवेदन फॉर्म ही जमा कराए गए हैं। इस तरह देखा जाए तो अब बचे 2 दिनों में हज कोटे के हिसाब से आवेदकों की संख्या काफी कम रहेगी।

पढ़ें :- विश्व में बढ़ते युद्ध: कब थमेगा ये संघर्ष?

भारत का कोटा 2 लाख हज यात्रियों को भेजने के लिए तय

गौरतलब है कि सऊदी अरब सरकार की तरफ से भारत का कोटा 2 लाख हज यात्रियों को भेजने के लिए तय किया गया है। राजधानी दिल्ली में जहां हर साल हज यात्रा पर जाने के इच्छुक लोगों के जरिए तय कोटा से 4 गुना अधिक आवेदन फॉर्म भरे जाते थे, इस साल अभी तक मात्र 1200 आवेदन फॉर्म भरे गए हैं। दिल्ली में पिछले साल 1350 आवेदन फॉर्म भरे गए थे, जबकि महामारी से पहले 8 हजार से अधिक आवेदन फॉर्म भरे जाते थे।

कोरोना महामारी की वजह से कई पाबंदियां लगाई गईं

कोरोना महामारी को देखते हुए सऊदी अरब प्रशासन की तरफ से कई तरह की पाबंदियां लगाई गई हैं। कोरोना की वजह से साल 2020-21 की हज यात्रा के लिए दुनियाभर से आने वाले हज यात्रियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। हालांकि इस साल सऊदी अरब प्रशासन की तरफ से उमरा की इजाजत दिए जाने से ये संभावना प्रबल हुई है कि हज यात्रा 2022 के लिए भारत सहित अन्य देशों से हज यात्रियों को वहां पर आने की इजाजत दी जाएगी। हालांकि अभी तक सऊदी अरब के धार्मिक मंत्रालय की तरफ से कोई अंतिम घोषणा हज यात्रा-2022 को लेकर के नहीं की गई है। अलबत्ता हज कमेटी ऑफ इंडिया की तरफ से भारत से हज यात्रा पर जाने के इच्छुक व्यक्तियों से आवेदन फॉर्म जमा कराए जा रहे हैं।

पढ़ें :- भीषण गर्मी में घर को Naturally ठंडा रखेंगे, ये 5 Indoor Plants

भारत से हज यात्रा पर जाने के लिए बहुत कम लोगों में दिखी दिलचस्पी

कमेटी की तरफ से किए जा रहे कई प्रयासों के बावजूद भारत से हज यात्रा पर जाने के लिए बहुत कम लोग दिलचस्पी दिखा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इसके पीछे हज यात्रा-2022 के आयोजन को लेकर अनिश्चितता की स्थिति है। इसके अलावा जो हज यात्रा साल 2019 तक 2 से ढाई लाख रुपये में पूरी हो रही थी, वो अब बढ़कर साढ़े 4 लाख रुपये तक पहुंच गई है। कोरोना वायरस के लिए तय किए गए दिशा-निर्देशों को देखते हुए हज यात्रा का खर्च दोगुना से अधिक हो गया है। ये खर्च परिवहन और यात्रियों को ठहराने आदि के लिए बदले गए नियमों की वजह से बढ़ गया है। यात्रा पर बेतहाशा बढ़े हुए खर्चे की वजह से भी लोग हज यात्रा पर जाने से बच रहे हैं।

हज यात्रा पर कोरोना महामारी का असर

वहीं यात्रियों का मानना है कि कोरोना वायरस महामारी के बाद जब हालात सामान्य हो जाएंगे, तब हो सकता है कि हज यात्रा पर आने वाला खर्च कुछ कम हो जाए। तब वो यात्रा के लिए आवेदन करेंगे। दिल्ली राज्य हज समिति के अध्यक्ष मुख्तार अहमद ने माना है कि हज यात्रा 2022 को लेकर व्याप्त अनिश्चितता और महंगाई की वजह से यात्रा के इच्छुक लोग कम संख्या में आवेदन कर रहे हैं। उनका मानना है कि पिछले 2 सालों में भी लोगों ने हज यात्रा के लिए आवेदन किया था। लेकिन उन्हें हज यात्रा पर जाने का मौका नहीं मिल पाया था। उन्होंने बताया कि दो दिन का समय और आवेदन के लिए बचा है। उम्मीद है कि कुछ और आवेदन इस दौरान किए जाएंगे।

पढ़ें :- बंगाल में बदलाव या भ्रम? पहले चरण के ट्रेंड से ममता बनर्जी पर बड़ा खतरा!
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook, YouTube और Twitter पर फॉलो करे...
Booking.com
Booking.com