Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 : ग्रेटर नोएडा में कल से सजेगा वैश्विक व्यापार का महाकुंभ

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 : ग्रेटर नोएडा में कल से सजेगा वैश्विक व्यापार का महाकुंभ

By HO BUREAU 

Updated Date

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 : ग्रेटर नोएडा में कल से सजेगा वैश्विक व्यापार का महाकुंभ

UP International Trade Show : ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण का आयोजन किया रहा है, जो कल यानि कि 25 सितंबर से 29 सितंबर 2026 तक चलेगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा प्राधिकरण मुख्यालय में आयोजित कर्टन रेजर समारोह में इसकी औपचा रिक घोषणा की थी। यूपी सरकार का लक्ष्य इसे अब तक का सबसे बड़ा वैश्विक व्यापार संस्करण बनाना है।

पढ़ें :- Greater Noida : डबल डेकर बस में लगी आग, 9 लोगों की मौत, PM मोदी ने जताया दुख

सरकार इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रसिद्ध और प्रचलित उत्पादों और कला को इंटरनेशनल पहचान दिलाना चाहती है। अन्तर्राष्ट्रीय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए प्रदेश सरकार ने इस शो को ग्लोबल थीम देने की भरपूर कोशिश की है। सरकार के प्रयास से यह शो उत्तर प्रदेश के एमएसएमई, हस्तशिल्प, वस्त्र और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रमुख मंच बनेगा।

इस बार इस ट्रेड शो में 2400 से अधिक प्रदर्शक, 1.50 लाख से अधिक बी2बी खरीदार, 4.50 लाख से अधिक बी2सी विजिटर्स और 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के आने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का अनुमान है कि इस दौरान 4000 से अधिक एमओयू, 3200 करोड़ से अधिक के प्रस्तावित एमओयू मूल्य और 13,500 करोड़ से अधिक की बिजनेस इंक्वायरी दर्ज हो सकती है। आंकड़ों के मुताबिक, 2025 के पिछले संस्करण में 5 लाख से अधिक विजिटर्स और 2228 प्रदर्शकों ने इसमें हिस्सा लिया था।

आयोजन में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बड़े पैमाने पर पंजीकरण अभी चल रहा है। अब तक घरेलू बी2बी खरीदारों के 45 हजार से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। सरकार ने इसके लिए 1.5 लाख से अधिक खरीददारों के पंजीकरण का लक्ष्य रखा है। मिली जनकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के करीब 1500 पंजीकरण प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 500 से अधिक को शॉर्टलिस्ट किया गया है और 300 से अधिक के टिकट सुरक्षित किए जा चुके हैं। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गेनाइजेशंस के माध्यम से होने वाली रिवर्स बायर-सेलर मीट में यूपी के स्थानीय निर्यातक बिना किसी बिचौलिए के सीधे विदेशी कंपनियों से सौदे कर सकेंगे।

ओडीओपी, ओडीओसी और कृषि सेक्टर पर ज्यादा ज़ोर

इस बार के यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट(ODOP) के साथ-साथ पहली बार ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन (ODOC) की यूपी सरकार की पहल आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगी, जिसमें यूपी के जिलों की पारंपरिक पाक कला और स्थानीय व्यंजनों को वैश्विक मंच मिलेगा। गौतमबुद्ध नगर की बेकरी को ‘एक जिला एक व्यंजन’ योजना के तहत पहली बार शामिल किया गया है।

पढ़ें :- यूपी के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट, मानसून की अंतिम बारिश के बाद गिरेगा तापमान

बनारसी सिल्क, पान और लौंग लत्ते, लखनऊ की चिकन कारीगरी और जरदोजी, गोरखपुर की टेराकोटा शिल्प, बांदा की शिज़र स्टोन कारीगरी, सिद्धार्थनगर का कला नामक चावल, कन्नौज के इत्र, मुरादाबाद के पीतल व ब्रॉस वर्क, फिरोज़ाबाद की चूड़ियों के साथ अन्य तमाम जिलाें के प्रमुख उत्पाद और कला इस शो के मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके अलावा इसमें किसानों और कृषि उत्पादों को विशेष महत्व दिया गया है।

इसके लिए कृषि विभाग को 1000 स्क्वायर मीटर जगह आवंटित की गई है, जहां 20 से अधिक एफपीओ, उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम, 40 कृषि निवेश फर्में और अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान समेत कुल 61 स्टॉल लगेंगे। यह एग्रीकल्चर सेक्टर की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग का बड़ा अवसर होगा।

वैश्विक पार्टनर्स के साथ ग्लोबल थीम पर आधारित है ट्रेड शो का आयोजन

इस बार ट्रेड शो को पूरी तरह ग्लोबल स्वरूप दिया गया है। इसकी थीम ‘गो ग्लोबल- फाइव नेशन, वन ग्लोबल प्लेटफॉर्म’ और ‘UP for Global Growth: Innovation, Manufacturing and Exports’ रखी गई है। इस संस्करण के लिए पांच देशों ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर और वियतनाम को पार्टनर देश के रूप में चुना गया है। सरकार ने सिंगापुर, जापान, रूस, ऑस्ट्रिया के अलावा ब्राजील, ओमान, थाईलैंड और इंडोनेशिया की अधिकाधिक भागीदारी के निर्देश भी दिए हैं।

दुरुस्त ट्रैफिक व्यवस्था के बीच ट्रेड शो में प्रवेश का समय निर्धारित

ट्रेड शो में विशिष्ट मेहमानों के आवागमन को देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने 24 से 29 सितंबर तक के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक वस्तुओं और चिकित्सीय वाहनों को छूट रहेगी।

वाहनों के लिए गोलचक्कर में बनी पार्किंग से एक्सपोमार्ट तक जाने के लिए हिंडन कट, गलगोटिया कट और एलजी गोलचक्कर होकर वैकल्पिक मार्ग प्रस्तावित किए गए हैं। एक्सपो मार्ट में बिजनेस ऑवर्स सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक और पब्लिक ऑवर्स दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक रहेंगे। प्रवेश और पार्किंग पूरी तरह निशुल्क रहेगी और रिटेल बिक्री की भी अनुमति दी गई है। सुविधा की दृष्टि से पंजीकरण और अन्य जानकारी के लिए यूपीआईटीएस 2026 मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया है।

पढ़ें :- जीरो कमीशन पर चलेगी भारत टैक्सी, चालक को पांच लाख की सामाजिक सुरक्षा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Anil Shahi

Disclaimer

इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें। 

Advertisement