UP News : उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है।✍️Anil Shahi
Updated Date
UP News : उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और जम्मू-कश्मीर पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से 25 से 27 सितंबर के बीच प्रदेश में झमाझम बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा, मध्य प्रदेश और बिहार के रास्ते आ रही नम हवाओं के चलते पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश होगी।
इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक इसे मानसून का अन्तिम प्रहार मान रहे हैं। इसके लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। माना जा रहा है कि इस बारिश की वजह तापमान में 6 से 8 डिग्री की गिरावट होगी और इसी के साथ ठंड का भी आगाज हो जाएगा।
वैसे तो प्रदेश के पूर्वी इलाके में छिटपुट बारिश होने लगी है लेकिन मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक सबसे ज्यादा असर 26 सितंबर से देखने को मिलेगा। पूर्वी तराई के बहराइच, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, महराजगंज और कुशीनगर जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, देवरिया, मिर्जापुर, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, बस्ती और बलरामपुर समेत करीब 20 जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना जतायी जा रही है। इसका असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिलेगा।
मानसून की वापसी के इस बारिश के साथ पूरे प्रदेश में तापमान में बड़ी गिरावट आएगी। लगातार बादल छाए रहने और बारिश के कारण धूप में कमी से अधिकतम तापमान में छः से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज किए जाने का अनुमान है। कहीं-कहीं यह गिरावट 9 डिग्री तक भी जा सकती है। इससे दिन में उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग का कहना है कि यह मानसून का आखिरी तेज प्रहार होगा। इसके बाद मानसून की वापसी शुरू हो जाएगी और अक्टूबर माह की शुरुआत से पहले ही मानसून की पूरी तरह विदाई होने की उम्मीद है। मानसून की विदाई के बाद तापमान में भारी गिरावट देखने को मिलेगी, जिसके बाद मौसम का मिजाज ठंड की तासीर में बदलता दिखेगा।
✍️Anil Shahi
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।