प्रभु राम की जन्म नगरी अयोध्या में आगामी 7 नवंबर को भव्य दीपोत्सव का आयोजन होगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित होने जा रहे दसवें दीपोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए रामनगरी में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार रामपथ के साथ अयोध्या के 41 प्रमुख मठ-मंदिरों और धार्मिक स्थलों को भी आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद इन स्थलों पर झालरों और लाइटिंग की विशेष व्यवस्था कर रही है, जिससे दीपोत्सव के दौरान रामनगरी का आध्यात्मिक वैभव और निखरकर सामने आएगा।
राज्य की योगी सरकार रामनगरी को धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में इस बार दीपोत्सव की तैयारियों के तहत मंदिरों और आश्रमों की सजावट को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
छोटी छावनी से दशरथ महल तक 41 धार्मिक स्थल होंगे रोशन
श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद की ओर से तैयार सूची में अयोध्या के कई प्रमुख मंदिरों, मठों और आश्रमों को शामिल किया गया है। इनमें छोटी छावनी मंदिर, वाल्मीकि मंदिर, दूबे मंदिर, चारधाम मंदिर, दिगम्बर अखाड़ा, बड़ा भक्त महल, दशरथ महल, सनकादिक आश्रम, जानकी घाट, कौशल्या सदन, अशर्फी भवन, रामवल्लभाकुंज, डाडिया मंदिर, लक्ष्मण किला, सुग्रीव किला, श्रीधाम रामकोट, रंग महल और क्षीरेश्वर मंदिर प्रमुख हैं।
इसके अलावा तोत्रादिमठ, तिवारी मंदिर, रामनिदेशाचार्यजी मंदिर, सतगुरु आश्रम, झुनकीघाट मंदिर, नाका हनुमानगढ़ी मंदिर, उदासीन संगत आश्रम (रानोपाली), फटिक शिला, रामकचेहरी, रामवल्लभाचार्य मंदिर, गुरुद्वारा ब्रह्मकुंड, राजसदन और सहादतगंज हनुमानगढ़ी को भी सजाया जाएगा।
सूची में दरिद्री आश्रम, श्री हनुमान मंदिर पक्का घाट, हनुमत सदन आचार्य राजकिशोर, कच्चा घाट बन्धा तिराहा, कारसेवकपुरम परिसर, कारसेवकपुरम कार्यशाला, मंगल भवन, सुन्दरधाम, भजन सभ्य स्थल और महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ भी शामिल हैं।
भव्य और पारंपरिक सजावट
इस बार सजावट में पारंपरिक झालरों के साथ आधुनिक लाइटिंग तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रत्येक धार्मिक स्थल की संरचना और जरूरत को ध्यान में रखते हुए वहां रोशनी की व्यवस्था तय की जाएगी। इससे मंदिरों की वास्तुकला और धार्मिक स्थलों की भव्यता रात के समय और निखरकर सामने आएगी।
पिछले वर्षों में दीपोत्सव के दौरान लाखों दीयों से अयोध्या को रोशन किया जाता रहा है। इस बार दीपों के उत्सव के साथ मठ-मंदिरों की आकर्षक रोशनी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे रामनगरी के धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप को एक नया आकर्षण मिलने की उम्मीद है।
आधुनिक लाइटिंग की होगी व्यवस्था
श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के सीईओ जयेंद्र कुमार के मुताबिक, दीपोत्सव के मद्देनजर चयनित मठ-मंदिरों में पारंपरिक और आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं और सजावट का कार्य दीपोत्सव से पहले पूरा करने की योजना है।
इस पहल से दीपोत्सव के दौरान अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को रात में रामनगरी का अलग और भव्य स्वरूप देखने को मिलेगा। स्थानीय लोगों के साथ संत-महंतों में भी इन तैयारियों को लेकर उत्साह है।
योगी सरकार के दसवें दीपोत्सव में रामपथ के साथ 41 प्रमुख धार्मिक स्थलों को रोशनी से सजाने की यह योजना अयोध्या के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन महत्व को और अधिक प्रदर्शित करने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है।
✍️Satyam Kushwah
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।