Raipur: देश की राजधानी दिल्ली में 1 नवंबर को इंडिया गठबंधन की प्रस्तावित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।
कांग्रेस की राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम ने इसको लेकर कहा है कि, “हम अक्सर अलग-अलग कामों से दिल्ली जाते रहते हैं, कभी कमेटी की बैठकों के लिए तो कभी अन्य कार्यों के लिए। लेकिन इस बार रामलीला मैदान में एक राष्ट्रीय आंदोलन होने जा रहा है, जिसमें महागठबंधन के सभी नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। यह एक बहुत बड़ी रैली होगी और हम भी इसमें हिस्सा लेने जा रहे हैं।”
भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “राहुल गांधी जो बात कह रहे हैं, भाजपा कहीं न कहीं उसे मान रही है। इतने दिनों तक उन्हें लोकतंत्र बचाने की याद नहीं आई। जिस तरह से लोकतंत्र की हत्या हो रही है, संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, अब जाकर भाजपा को होश आया है कि लोकतंत्र बचाना है। इस तरह की रैलियां निकालने पर उन्हें शर्म आनी चाहिए।”
नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने कहा कि 1 नवंबर को होने वाले ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “कुछ लोग आज जा रहे हैं और कुछ लोग कल जाएंगे। हमारा लक्ष्य इस राष्ट्रीय आंदोलन को सफल बनाना है।”
भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ पर उन्होंने कहा, “भाजपा वाले हमेशा बहाना ढूंढते रहते हैं, किसी न किसी तरीके से बचने का रास्ता खोजते हैं। लेकिन अब उनके बचने के दिन खत्म हो गए हैं। देश की जनता सब समझती है।”
पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने रैली के उद्देश्य के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा, “1 नवंबर को दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा एक बड़ी रैली का आयोजन किया गया है। देश में वर्तमान में जो परिस्थितियां बन रही हैं, विशेषकर वोट चोरी को लेकर राहुल गांधी तथ्यात्मक ढंग से हर जगह अपनी बात रख रहे हैं।”
✍️Satyam Kushwah
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।