Banda : बुंदेलखंड के विकास को नई रफ्तार देने के लिए प्रतिबद्ध CM योगी की सरकार ने बांदा जिले को एक और सौगात दी है। योगी सरकार ने बांदा के मुख्य संपर्क मार्ग के कायाकल्प के लिए लगभग 80 करोड़ रुपये की राशि जारी की है।✍️Sandeep
Updated Date
Banda : बुंदेलखंड के विकास को नई रफ्तार देने के लिए प्रतिबद्ध CM योगी की सरकार ने बांदा जिले को एक और सौगात दी है। योगी सरकार ने बांदा के मुख्य संपर्क मार्ग के कायाकल्प के लिए लगभग 80 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। इस फैसले के तहत फतेहपुर-बबेरू-अतर्रा-नरैनी-करतल मार्ग का पूरी तरह से सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण किया जाएगा। जिससे इस क्षेत्र के लोगों का आवागमन सुगम व सुलभ हो जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस परियोजना के तहत 27.550 किलोमीटर लंबे मार्ग को चौड़ा कर टू-लेन बनाया जाएगा। चैनेज 88.400 से 115.950 तक होने वाले इस चौड़ीकरण कार्य के लिए विभाग ने पूरी तरह से कमर कस ली है। शासन स्तर से हरी झंडी मिलने के बाद अब धरातल पर काम भी शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पूरा करने के लिए 27 जुलाई 2027 तक की समय-सीमा तय की है।
बांदा का यह मार्ग व्यापारिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। वर्तमान में इस मार्ग पर यातायात का भारी दबाव रहता है। योगी सरकार के इस फैसले से जहां एक तरफ राहगीरों का सफर आसान, सुरक्षित और गड्ढामुक्त होगा, वहीं दूसरी तरफ बेहतर रोड कनेक्टिविटी से बांदा में व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। किसानों, व्यापारियों और छात्र-छात्राओं को अब जिला मुख्यालय और नजदीकी कस्बों तक पहुंचने में लगने वाला समय आधा रह जाएगा। वाहनों के रखरखाव का खर्च घटेगा और ईंधन की भी बड़ी बचत होगी।
लोगों का कहना है कि दशकों तक उपेक्षित रहे बुंदेलखंड को योगी सरकार ने विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। बुंदेलखण्ड एक्सप्रेसवे के बाद अब जिले की छोटी व बड़ी सड़कों के चौड़ीकरण से बांदा विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। PWD विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि तय समय के भीतर बांदा की जनता को यह शानदार सड़क समर्पित की जा सके।
✍️Sandeep
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।