Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. क्षेत्रीय
  3. Snowfall in Shimla: सफ़ेद चादरों से ढकी शिमला की वादियां, शैलानियों में भी दिखा जबरदस्त उत्साह, यहां देखें तस्वीरें

Snowfall in Shimla: सफ़ेद चादरों से ढकी शिमला की वादियां, शैलानियों में भी दिखा जबरदस्त उत्साह, यहां देखें तस्वीरें

By इंडिया वॉइस 

Updated Date

Shimla Snowfall News : पहाड़ों की रानी शिमला में रविवार देर रात एक बार फिर हिमपात हुआ और पूरा शहर बर्फ की सफेद चादरों से ढक गया। शीतकाल के दौरान शहर में यह दूसरी बर्फबारी है। पर्यटन के साथ फसलों और जल संचयन (Water Harvesting) के लिए इसे काफी हद तक बेहतर माना जाता है। हालांकि, अधिक बर्फबारी के कारण अब जनजीवन भी अस्त-व्यस्त होने लगा है।

पढ़ें :- पश्चिम बंगाल में BJP vs TMC: क्या पूरा होगा जनसंघ का सपना या कायम रहेगा ममता का किला?

बर्फ की सफ़ेद चादरो में लिपटा हुआ मिला पूरा शहर 

राजधानी में बीते तीन दिनों से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ था। शनिवार रात को भी यहां बर्फबारी हुई थी। रविवार को आधी रात के बाद से शहर में फिर से बर्फबारी शुरू हो गई। सुबह जब यहां के लोगों की आंखे खुली तो समूचा शहर (Snowfall in Shimla) बर्फ की सफ़ेद चादरो में लिपटा हुआ था। जानकारी के मुताबिक शिमला में लगभग आधा फुट के करीब बर्फ दर्ज की गई है।

हालांकि भारी बर्फ़बारी के कारण यहां के स्थानी लोगों को मुसीबतों का भी सामना करना पड़ रहा है। दरअसल शहर की सड़कों पर बर्फ जमने के कारण लोगों को दूध, ब्रेड और सब्जी जैसी मूलभूत चीजों से महरूम रहना पड़ा। शहर की मुख्य व अंदरूनी सड़कों पर यातायात ठप है। संजौली, लक्कड़ बाजार, छोटा शिमला संजौली और बस स्टैंड मार्ग पर बसें नहीं चलने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पढ़ें :- Noida Salary Protest: महंगाई से परेशान कर्मचारियों का विरोध तेज

साथ ही कई वार्डों में बिजली की आपूर्ति भी चरमरा गई है। वैसे, जिला व नगर निगम प्रशासन द्वारा सड़कों का बहाली कार्य प्रगति पर है। शिमला जिले के ऊपरी क्षेत्रों में भी भारी हिमपात के कारण अनेक सड़कों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। भारी हिमपात के कारण रामपुर-शिमला नेशनल हाईवे-5 यातायात के लिए बंद हो गई है।

बर्फबारी ने शिमला के पर्यटन को लगाया पंख

इस बीच शहर में हुई ताजा बर्फबारी ने मानों जैसे शिमला के पर्यटन (Shimla Snowfall) को पंख लगा दिया हो। हजारों की संख्या में शिमला पहुंचे सैलानी बर्फबारी देख काफी उत्साहित हैं। बर्फ़बारी का मंजर ऐसा है कि, यहां की सड़कों, घरों, वाहनों, रास्तों, पेड़ों व टहनियों पर बर्फ का नजारा देखकर सैलानियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सैलानियों ने रिज मैदान, माल रोड सहित जगह-जगह बर्फ से खेलने का का खूब लुत्फ उठाया।

पढ़ें :- महाकुंभ की “मोनालिसा” की शादी पर बवाल: उम्र पर सवाल, मानवाधिकार आयोग ने मांगी रिपोर्ट

बर्फबारी के दीदार के लिए भारी संख्या में पर्यटक शिमला का रुख (Shimla Snowfall ) कर रहे हैं। उधर, राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों में भी भारी हिमपात हुआ है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक चंबा के भरमौर और शिमला के खदराला में 60-60 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। इसी तरह लाहौल-स्पीति के गोंदला में 40 और कुल्लू जिला के मनाली में 37 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। इसके अलावा सोलन के धर्मपुर में 73 मिमी, तो सोलन में 71 और जुब्बड़हट्टी में 59 मिमी बारिश हुई है।

पूरा प्रदेश भीषण सर्दी की चपेट में

बारिश-बर्फबारी की वजह से पूरा प्रदेश भीषण सर्दी की चपेट में है। बीती रात छह शहरों का पारा माइनस में दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति के केलांग में न्यूनतम तापमान -6.2 डिग्री, किन्नौर के कल्पा में -3.8 डिग्री, कुफरी में -3.2 डिग्री, डल्हौजी में -2.1 डिग्री, मनाली में -0.4 डिग्री और शिमला में -0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के निचले व मैदानी इलाकों में बारिश और मध्य पर्वतीय व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। 12 जनवरी को पूरे प्रदेश में मौसम के साफ रहने का अनुमान है।

 

Advertisement