गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना आज सुबह आठ बजें से होगी. इसके साथ ही छह विधानसभा और एक लोकसभा उप चुनाव के लिए भी मतगणना होगी. शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए मतगणना स्थल के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी. चुनाव आयोग ने इसकी तैयारियों की समीक्षा की है. भाजपा को गुजरात से खास उम्मीदें हैं. जबकि, कांग्रेस हिमाचल प्रदेश के परिणाम पर अपनी नजरें गड़ाए हुए है. दिल्ली और पंजाब में अपनी सरकार बना चुकी आम आदमी पार्टी (आप) को भी दोनों राज्यों में बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद है.
पढ़ें :- Aaj Ka Rashifal: जानें हेल्थ टिप्स और उपाय
हिमाचल में 68 सीटों पर 12 नवंबर जबकि गुजरात में 182 सीटों पर दो चरणों में 1 और 5 दिसंबर को मतदान कराया गया था. गुजरात में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है.
हिमाचल में 1985 के बाद कभी सत्ताधारी दल की सत्ता में वापसी नहीं हुई है. राज्य में 75 फीसदी से अधिक मतदान हुआ है. पिछले चुनाव में भाजपा ने 44 सीटें जीती थीं जबकि बहुमत का आंकड़ा 35 सीटों का है. इस बार बीजेपी की कोशिश है कि हिमाचल में यह परंपरा को तोड़ा जाए. गौरतलब है कि इस बार हिमाचल में बीजेपी ने नारा दिया था, ‘राज नहीं, रिवाज बदलेगा।’ भाजपा ने उत्तर प्रदेश, गोवा, असम और उत्तराखंड में पिछले विधानसभा चुनावों में लगातार जीत हासिल की थी.मतगणना को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं.
उपचुनाव नतीजों में मैनपुरी पर निगाह
आज पांच राज्यों के छह विधानसभा सीटों और मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना भी होगी. यूपी की रामपुर, खतौली के अलावा ओडिशा की पदमपुर, राजस्थान की सरदारशहर, बिहर की कुढ़नी, छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट के नतीजे आज ही आएंगे.
पढ़ें :- Aaj Ka Rashifal: हृदय और BP पर असर, रहें सतर्क
मतगणना स्थलों पर कड़ी सुरक्षा
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी. गुजरात की मुख्य चुनाव अधिकारी भारती ने बताया कि राज्य की 182 विधानसभा सीटों के लिए निरीक्षक एवं सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं. इसके लिए 182 मतगणना निरीक्षक और 494 सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किए गए हैं. मतगणना केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी.