यूपी के फर्रुखाबाद जिले में रविवार सुबह पांच साल के पुत्र की हत्या कर पिता ने खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। खुद जान देने से पहले उसने पत्नी पर भी गड़ासे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
Updated Date
फर्रुखाबाद। यूपी के फर्रुखाबाद जिले में रविवार सुबह पांच साल के पुत्र की हत्या कर पिता ने खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। खुद जान देने से पहले उसने पत्नी पर भी गड़ासे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। दो मौतों से गांव में हड़कंप मच गया। घटना थाना जहानगंज थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव का है।
गांव का रहने वाला दिनेश यादव (35) मक्का का व्यापार करता था। आरोपी को व्यापार में घाटा हुआ था। इसके बाद से ही वह परेशान चल रहा था। शनिवार रात को पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था।
रविवार तड़के दिनेश का दोबारा किसी बात को लेकर पत्नी से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों में मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच दिनेश ने घर में रखे गड़ासे से पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में पत्नी घायल हो गई। इसके बाद सो रहे 5 साल के पुत्र ओसिएन की गला काटकर हत्या कर दी।
चीख-पुकार सुनकर आरोपी की तीन बेटियां दिव्या (11), अंशी (10), प्रांशी (8) और उसकी बहन शीतला (22) जग गईं। उन्होंने बीच बचाव किया, तो उसने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में अंशी घायल हो गई। इसी बीच मौका पाकर दिनेश फरार हो गया।
इसके बाद घर से 200 मीटर दूर उसका शव गांव के बाहर जामुन के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सतीश यादव ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल मीना और बच्ची का लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार और थानाध्यक्ष मनोज भाटी फोर्स और फारेंसिंक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिंक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एसपी ने बताया कि दिनेश घर में सो रहा था।
दिनेश के परिजनों ने बताया कि सुबह उसने पत्नी, बच्ची और बच्चे पर हमला किया। इसमें बच्चे की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने आत्महत्या कर ली है। सभी मामलों की जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।