सपा के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद दारा सिंह चौहान के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि दारा सिंह काफी समय से सपा में खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे थे।
Updated Date
लखनऊ। सपा के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद दारा सिंह चौहान के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि दारा सिंह काफी समय से सपा में खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे थे।
पूर्वांचल में उनकी गिनती कद्दावर नेताओं में होती है। अपनी जमीनी पकड़ और कुशल व्यवहार के कारण वह सभी लोगों को बीच काफी लोकप्रिय हैं। सोमवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होकर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। लोकसभा चुनाव के पहले चौहान का यह कदम सपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
दारा सिंह चौहान मऊ की घोसी सीट से सपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। माना जा रहा है कि पूर्वांचल के चौहान (नोनिया) वोट बैंक पर मजबूत पकड़ रखने वाले दारा सिंह को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।
2024 में भी तीसरी बार मोदी जी बनेंगे प्रधानमंत्री
भाजपा में शामिल होने पर दारा सिंह चौहान ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया के तमाम मुल्क भारत के पीछे चलने के लिए तैयार हैं। जिस तरह मोदी जी और गृहमंत्री अमित शाह काम कर रहे हैं। उससे 2024 में भी तीसरी बार मोदी जी प्रधानमंत्री बनेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा के सिपाही के रूप में मेरी घर वापसी हुई है। आगामी चुनाव में भाजपा यूपी में 80 में से 80 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि दारा सिंह चौहान प्रधानमंत्री मोदी के विकास के कार्यों में योगदान देने के लिए आए हैं। उनका आगमन भाजपा को और मजबूत करेगा।
2024 में यूपी में एकतरफा कमल खिलेगा
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान का भाजपा परिवार में स्वागत है। 2014 के लोकसभा चुनाव में यूपी में भाजपा ने 73 सीटें जीती थीं। 2019 में महागठबंधन के सामने हमने 64 सीटें जीती। हम 2024 में तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने जा रहे हैं। जिसके लिए 80 सांसदों की फौज खड़ी हो रही है। 2024 में यूपी में एकतरफा कमल का फूल खिलेगा।