Delhi : दिल्ली सचिवालय में शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने अलग-अलग कॉलेजों के पीजी में रहने वाले छात्रों से संवाद किया।✍️अरविंद कुमार
Updated Date
Delhi : दिल्ली सचिवालय में शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने अलग-अलग कॉलेजों के पीजी में रहने वाले छात्रों से संवाद किया। छात्रों ने किराया, सुविधाओं, एग्रीमेंट, पानी और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं उठाईं। मंत्री ने कहा कि सरकार पीजी को व्यवस्थित करने और छात्रों को सुरक्षित माहौल देने की दिशा में काम कर रही है।
सत्य निकेतन पीजी हादसे के बाद दिल्ली सरकार अब एक्शन में नजर आ रही है। एक तरफ सरकार अवैध और नियमों के खिलाफ बनी इमारतों पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है, तो दूसरी तरफ दिल्ली में संचालित हो रहे पीजी के संचालन और सुविधाओं को लेकर नई व्यवस्था बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने आज दिल्ली सचिवालय में अलग-अलग विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के पीजी में रहने वाले छात्रों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छात्रों से पीजी में मिलने वाली सुविधाओं, सुरक्षा और दूसरी परेशानियों के बारे में जानकारी ली।
छात्रों ने शिक्षा मंत्री के सामने पीजी से जुड़ी कई समस्याएं रखीं। छात्रों ने पीजी का किराया कम करने, बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, एग्रीमेंट में तय शर्तों का पालन सुनिश्चित कराने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। छात्रों ने पानी समेत पीजी में रोजमर्रा की सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को भी मंत्री के सामने रखा।

छात्रों ने मांग की कि दिल्ली में संचालित होने वाले पीजी की पूरी जानकारी एक पोर्टल पर उपलब्ध होनी चाहिए। इसमें पीजी का किराया, मिलने वाली सुविधाएं और अन्य जरूरी जानकारियां शामिल हों। छात्रों ने यह भी मांग की कि पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सुविधा हो, ताकि किसी भी तरह की समस्या होने पर छात्र सीधे अपनी शिकायत संबंधित विभाग तक पहुंचा सकें।
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि सरकार इन मुद्दों पर पहले से ही काम कर रही है। छात्रों से बातचीत के बाद अब पीजी संचालकों, मालिकों और अभिभावकों से भी चर्चा की जाएगी। मंत्री ने कहा कि पीजी में पानी समेत छात्रों को होने वाली अन्य परेशानियों को भी बातचीत के दौरान शामिल किया जाएगा, ताकि सभी पक्षों की चिंताओं को समझकर बेहतर व्यवस्था तैयार की जा सके।
आशीष सूद ने कहा कि सरकार इन योजनाओं को अगले एक से दो महीने के भीतर धरातल पर उतारने की तैयारी कर रही है। इसी अवधि में छात्रों की सुविधा के लिए पोर्टल लॉन्च किए जाने की भी योजना है। उन्होंने कहा कि छात्र संगठनों से भी बातचीत की जाएगी और उनके सुझावों को व्यवस्था तैयार करने में शामिल किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सत्य निकेतन की दुखद घटना से पहले ही सरकार पीजी से संबंधित पोर्टल लॉन्च करने की तैयारी कर चुकी थी। हालांकि, हादसे के बाद इस काम में और तेजी लाई जाएगी। सरकार का कहना है कि दिल्ली के पीजी को व्यवस्थित करने, वहां रहने वाले छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें सुरक्षित माहौल देने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि युवाओं की समस्याओं को समझना सरकार की प्राथमिकता है। पीजी से जुड़े छात्रों के साथ-साथ संचालकों, मालिकों और अभिभावकों से बातचीत के बाद आगे की व्यवस्था और नीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
✍️अरविंद कुमार
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।