Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. क्षेत्रीय
  3. पलामू-गढ़वा में तेंदुए का आतंक,7 साल की बच्ची को बनाया शिकार

पलामू-गढ़वा में तेंदुए का आतंक,7 साल की बच्ची को बनाया शिकार

By इंडिया वॉइस 

Updated Date

झारखंड के गढ़वा जिले में आदमखोर तेंदुए के हमले में एक और बच्चे की मौत हो गई है. इस बार तेंदुए ने रंका अनुमंडल क्षेत्र के सेवाडीह में एक बच्ची को अपना निवाला बनाया. दस दिनों के भीतर पलामू टाइगर रिजर्व इलाके और गढ़वा जिले में तीन बच्चे तेंदुए के हमले में मारे जा चुके हैं. इन घटनाओं से जंगलवर्ती इलाकों के लोग भारी दहशत में हैं.

पढ़ें :- Asian Games : CM हेमंत सोरेन स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की झारंखडी खिलाड़ियों से मिले

सोमवार को हुई घटना के बारे में बताया गया कि सेवाडीह गांव के खरवार टोला निवासी जगदेव सिंह की 7 वर्षीय पुत्री सीता कुमारी घर के सामने झाड़ी के पास शौच के लिए गई थी. इसी दौरान तेंदुए ने अचानक हमला कर उसकी गर्दन पकड़ ली. उसके घर और गांव के लोग उसे बचाने दौड़े तो तेंदुआ बच्ची को लेकर जंगल की ओर भागने लगा. लोगों ने लाठी-डंडे लेकर तेंदुए का पीछा किया. तेंदुआ बच्ची को छोड़कर तो भाग गया पर उसकी बुरी तरह जख्मी होने के कारण उसने तत्काल दम तोड़ दिया.

तेंदुआ के आतंक से लोग घरों में हुए बंद

इस घटना से आस-पास के लोगों में भय का माहौल बन गया है. लोग खिड़की-दरवाजे बंद करके अपने अपने घरों में दुबक गए हैं. तेंदुए के हमले में अब तक दो-तीन पालतू मवेशियों की भी मौत हुई है. लोग तेंदुए के आतंक से निजात के लिए वन विभाग से कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं.वन विभाग की टीम गांव में खोज कर रही हैं.

गौरतलब है कि 10 दिनों के भीतर आदमखोर तेंदुए ने 3 बच्चों की जान ले ली है. पहली घटना लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र में हुई. यहां एक 12 वर्षीय बच्ची को तेंदुए ने अपना पहला शिकार बनाया. दूसरी घटना गढवा जिले के भंडरिया प्रखंड के रोदो गांव में हुई, जहां 9 वर्ष के बच्चे को तेंदुए ने मार डाला था और उसके शरीर के आधे हिस्से को खा गया था.

पढ़ें :- झारखंड में मांस-मछली की दुकान चलाने से पहले NOC जरूरी, नए नियम से बदलेगा कारोबार
Advertisement