नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा एवं प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा की उपस्थिति में दक्षिण दिल्ली के आम आदमी पार्टी के कई बड़े चेहरों के साथ ही बाल्मीकि समाज से जुड़े कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। आम आदमी पार्टी के इन पदाधिकारियों के भाजपा में शामिल होने से केजरीवाल सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि इनमें से अधिकांश उनके ही चुनाव क्षेत्र से हैं।
पढ़ें :- साइकिल घोटाले के आरोपों पर BJP का AAP पर पलटवार, कहा - ‘राजनीति के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रही है AAP’
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने पटका पहनाकर पार्टी की दिलाई सदस्यता
आम आदमी पार्टी (आप) से आए नेताओं में नई दिल्ली जिलाध्यक्ष सूरज भान, नई दिल्ली लोकसभा संगठन मंत्री राजकुमार, सचिव नकुल सागवान, ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष धर्मवीर, चिराग दिल्ली वार्ड अध्यक्ष करम सिंह एवं चिराग दिल्ली वार्ड संगठन मंत्री चतर सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। सभी को प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने पटका पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इसके अलावा अखिल भारतीय बाल्मीकि समाज विकास परिषद उपाध्यक्ष विजय वाल्मीकि, महरौली विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी राधेश्याम, ग्रीन पार्क वार्ड से पूर्व निगम प्रत्याशी गगन गोहर, सामाजिक कार्यकर्ता सूर्यभान यादव, जितेन्द्र बाल्मीकि एवं कुनाल चड्ढा प्रमुख हैं, जिन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा- भ्रष्टाचार के दलदल में पूरी तरह से डूब चुकी है ‘आप’
पढ़ें :- दिल्ली में साइकिल घोटाले के आरोपों पर AAP का प्रदर्शन, सचिवालय घेराव की कोशिश
इस अवसर पर श्री सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल के भ्रष्टाचार के चलते आम आदमी पार्टी का विघटन प्रारम्भ हो गया है। हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि जिस भ्रष्टाचार को खत्म करने की बात करके आम आदमी पार्टी सत्ता में आई थी, आज वह भ्रष्टाचार के दलदल में पूरी तरह से डूब चुकी है। उसके मुखिया अरविंद केजरीवाल ने उन सभी को धोखा दिया है, जो कभी भ्रष्टाचार के खिलाफ एक आवाज बनकर उनके साथ पार्टी में शामिल हुए थे।
कहा कि संस्थापक सदस्यों सहित आज उनकी पार्टी का हर कार्यकर्ता केजरीवाल के भ्रष्टाचार से त्रस्त है। श्री मल्होत्रा ने कहा कि खुद को कट्टर ईमानदार बताने वाले केजरीवाल के दो-दो पूर्व मंत्री भ्रष्टाचार करके जेल में बंद हैं और उन्हें बेल तक नहीं मिल पा रही है। इन्हीं सब कारणों से आप कार्यकर्ताओं का मुख्यमंत्री केजरीवाल से मोह भंग हो चुका है।