मुख्य सामग्री पर जाएँ

इंडिया वॉइस

Breaking News सभी अपडेट
उत्तर प्रदेश

NIA Raid : यूपी, एमपी समेत 6 राज्यों में NIA की छापेमारी, कई संदिग्ध गिरफ्तार

इंडिया वॉइस

NIA ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन ISIS की गतिविधियों से संबंधित मामले में रविवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत देश के 6 राज्यों में 13 संदिग्ध स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।

NIA
NIA engaged in curbing Maoists and criminal gangs in Jharkhand
शेयर करें

लखनऊ, 31 जुलाई । राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन ISIS की गतिविधियों से संबंधित मामले में रविवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत देश के 6 राज्यों में 13 संदिग्ध स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। NIA ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया। इस दौरान कई जगहों से आपत्तिजनक सामग्री और दस्तावेज मिले हैं। देवबंद में NIA की कार्रवाई के दौरान यूपी ATS के अधिकारी भी मौजूद रहे। पकड़े गए शख्स से पूछताछ जारी है।

NIA की कई धाराओं के तहत कार्रवाई जारी

सूत्रों का कहना है कि NIA ने ISIS गतिविधियों से संबंधित मामले में 6 राज्यों में 13 परिसरों की तलाशी ली। इस कार्रवाई में आपत्तिजनक सामग्री और दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। NIA की ये कार्रवाई उत्तर प्रदेश में देवबंद, मध्य प्रदेश में भोपाल और रायसेन, गुजरात में भरूच, सूरत, नवसारी एवं अहमदाबाद, बिहार में अररिया, कर्नाटक में भटकल एवं तुमकुर शहर और महाराष्ट्र में कोल्हापुर एवं नांदेड़ जिले में की गई है। NIA ने 25 जून 2022 को IPC की धारा 153A, और 153B और UAPA की धारा 18, 18B, 38, 39 और 40 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस पूरे प्रकरण में आगे की जांच जारी है।

ISIS गतिविधियों से संबंधित मामले में बड़ी कार्रवाई

सूत्रों के मुताबिक हाल ही में कई आतंकियों के पकड़े जाने के बाद इसके माड्यूल का पता लगाने के लिए NIA की ओर से ये कार्रवाई हुई है। NIA की एक टीम और यूपी ATS ने देवबंद से एक संदिग्ध को पकड़ा है। संदिग्ध मदरसे का छात्र फारूख बताया जा रहा है, जो आतंकी संगठन IAS मॉड्यूल के सम्पर्क में था। सीरिया में हुए बम धमाकों से भी उसका नाम जुड़ा होना बताया जा रहा है। हालांकि NIA या यूपी एटीएस की ओर से इसके बारे में कोई बयान नहीं जारी किया है।

एक महीने के भीतर देवबंद में दूसरी बड़ी कार्रवाई

फारूख मूलरूप से कर्नाटक का रहने वाला है और ISIS माड्यूल का संदिग्ध है। देवबंद के मदरसे में नाम बदलकर छात्र के रूप में रहकर यहां काफी समय से पढ़ाई कर रहा था। वो टेलिग्राम के जरिए आतंकी साहित्य का कई भाषाओं में अनुवाद करता था। पकड़े गए छात्र से पूछताछ की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपिन के मुताबिक ATS ने कार्रवाई की है, लेकिन इससे ज्यादा अभी उनके पास कोई जानकारी नहीं है। गौरतलब है कि 15 अगस्त से पहले हुई इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर से देवबंद चर्चा में है। ये एक महीने के भीतर देवबंद में दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 23 जून को को मदरसा जकरिया से रोहिंग्या छात्र मुजीबुल्लाह को पकड़ा गया था।

भोपाल से हिरासत में लिए गए 2 लोग

वहीं NIA ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन ISIS गतिविधियों में संलिप्तता के शक में राजधानी भोपाल और रायसेन जिले के सिलवानी में रविवार को संदिग्धों के घर छापा मारा। राजधानी भोपाल से 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसमें शाहजहांनाबाद से मंसूरी (24) और गांधीनगर के अब्बास नगर से भी एक युवक को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि जिले के सिलवानी के नगर वार्ड 12 नूरपुरा में NIA दिल्ली की टीम ने सुबह 7 बजे अचानक गाड़ियों से पहुंचे और घर में छापामार कर 3 से 4 लोगों को सिलवानी के थाने लाकर पूछताछ की। 12 सदस्यीय टीम ने घर की सघन तलाशी ली और मोबाइल से लेकर सारी चीजों की छानबीन की गई। जुबेर के भाई नबेद पिता सफीक मंसूरी को सिलवानी थाने में NIA टीम पूछताछ कर रही है।

टैग: MP UP
शेयर करें