1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. ‘गिरगिट की तरह रंग बदलती है सपा…’, लखनऊ में बोले CM योगी

‘गिरगिट की तरह रंग बदलती है सपा…’, लखनऊ में बोले CM योगी

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में कहा कि गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले पार्टी के लोग पीडीए को कैसे परिभाषित करते हैं।✍️Alok Gupta

By HO BUREAU 

Updated Date

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में कहा कि गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले पार्टी के लोग पीडीए को कैसे परिभाषित करते हैं, कभी इनका P पिछड़ा था, फिर पंडित हो गया। देखना एक दिन ये लोग P से पाकिस्तान कर देंगे। इनके बयानों पर भरोसा नहीं किया जा सकता।

पढ़ें :- 'पी की परिभाषा एक दिन पाकिस्तान कर देंगे...', CM योगी ने सपा पर साधा निशाना

ये कब क्या बोलेंगे, कोई भरोसा नहीं। ये ऐसे गिद्ध हैं कि जिस पेड़ पर चढ़ेंगे, उसको ही सुखा डालेंगे। उन्होंने कहा कि सामान्य शिष्टाचार व संस्कार के तहत मायावती ने आकर बाबूजी को श्रद्धांजलि दी, लेकिन सपा मुखिया ने प्रत्यक्ष आकर श्रद्धांजलि देना तो दूर, शब्दों से भी कुछ व्यक्त नहीं किया। यह कितना दुर्भाग्यपूर्ण, कितना शर्मनाक है। यह हर उस हिंदू का अपमान था, जिसे लगता है कि बाबूजी का जीवन सनातन मूल्यों और हिंदू गौरव के लिए समर्पित था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पूर्व मुख्यमंत्री पद्म विभूषण कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित ‘हिंदू गौरव दिवस’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान-हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रहे पद्म विभूषण कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ की पांचवीं पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पार्चन कर अपनी श्रद्धांजलि दी।

‘कल्याण सिंह टूट सकता है, लेकिन झुक नहीं सकता’

श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबूजी दबाव में आकर काम करने वाले व्यक्ति नहीं थे। वह कहा करते थे, कल्याण सिंह टूट सकता है लेकिन झुक नहीं सकता। बाबूजी ने जीवनभर अपने इस वचन को निभाया। जन्मभूमि आंदोलन के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा था कि संघर्ष स्वीकार्य है, सत्ता दूर हो जाए यह भी स्वीकार है, लेकिन अपने प्रभु श्रीराम का अपमान स्वीकार्य नहीं। आज जब हम लोग अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण और रामलला का विराजमान होना देखते हैं तो बाबूजी की स्मृति सहसा अंतःकरण में उठती है। संतों के संघर्ष, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मार्गदर्शन और विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में चले राम जन्मभूमि आंदोलन का कल्याण सिंह जी ने खुलकर समर्थन किया। उन्होंने सत्ता गंवाई, लेकिन दो-टूक कहा कि रामभक्तों पर गोली नहीं चलेगी।

समाजवादी पार्टी पर महापुरुषों के नाम हटाने का आरोप

सीएम योगी ने कहा कि बाबूजी ने मूल्यों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया, यही उनकी पहचान थी। सपा नेतृत्व ने सिर्फ बाबूजी के निधन के समय अपमान नहीं किया, महापुरुषों का अपमान उसकी आदत है। कन्नौज से समाजवादी पार्टी का रिश्ता रहा है, लेकिन वहां डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर बने सरकारी मेडिकल कॉलेज से सपा मुखिया ने बाबा साहेब का नाम हटा दिया। हमारी सरकार में इसे फिर से बाबा साहेब के नाम पर किया गया। मैनपुरी में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर एक कॉलेज बना था, लेकिन सपा ने उनका नाम भी मिटा दिया। भाजपा सरकार ने औरैया में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर नए मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया।

पढ़ें :- मजबूत लोकतंत्र के लिए वेतनभोगी जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय होना जरूरी

पीएम मोदी कार्यक्रम छोड़कर श्रद्धांजलि अर्पित करने आए

मुख्यमंत्री ने श्रद्धेय कल्याण सिंह के निधन के बाद समाजवादी पार्टी के रवैये को लेकर सपा नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बाबूजी भाजपा के नेता थे और सभी के लिए प्रेरणास्रोत थे। उनके निधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी सारे कार्यक्रम छोड़कर दिल्ली से सीधे लखनऊ आए और श्रद्धांजलि अर्पित की। एसजीपीजीआई से लेकर घर तक, घर से अलीगढ़ और अलीगढ़ से नरौरा तक अंतिम संस्कार में वह और उनके कैबिनेट के सभी सदस्य शामिल हुए। लेकिन, सपा मुखिया ने इसमें शामिल होना तो दूर, मुंह से श्रृद्धांजलि के दो शब्द नहीं बोले।

बाबूजी ने यूपी को दी पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबूजी ने उत्तर प्रदेश को एक पहचान दी। उन्होंने युवाओं के सामने पहचान का संकट पैदा करने वाली राजनीति के खिलाफ बेहतर माहौल देने का काम किया। युवाओं के लिए नई सोच और नया मंत्र दिया। आज उत्तर प्रदेश के पहले कैंसर संस्थान में बाबूजी की दिव्य प्रतिमा और उनके नामकरण को देखा जा सकता है। बुलंदशहर में डबल इंजन की भाजपा सरकार द्वारा बनाए गए राजकीय मेडिकल कॉलेज का नामकरण भी बाबूजी के नाम पर किया गया है।

यह भी पढ़ें : मजबूत लोकतंत्र के लिए वेतनभोगी जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय होना जरूरी

सीएम योगी ने कहा कि श्रद्धेय कल्याण सिंह ने सनातन मूल्यों की रक्षा करते हुए अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर गुलामी के ढांचे को पूरी तरह समाप्त करके श्रीराम मंदिर का मार्ग प्रशस्त किया। ऐसे बाबूजी के प्रति श्रद्धावान होना सनातन धर्मावलंबियों का दायित्व है। बाबूजी की स्मृतियों को जीवित रखने और इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए सभी को काम करना होगा। उन्होंने राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ और संदीप सिंह का भी धन्यवाद दिया कि वे इस परंपरा को लगातार जीवित रखने और आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, सांसद साक्षी महाराज, राज्यसभा सांसद बृजलाल, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, श्रद्धेय कल्याण सिंह के सुपौत्र व मंत्री संदीप सिंह, मंत्री राकेश सचान, मंत्री असीम अरुण, मंत्री जेपीएस राठौर, बाबूजी के पुत्र व पूर्व सांसद राजवीर सिंह ‘राजू भैया’, मंत्री रजनी तिवारी, मंत्री डॉ. संजय निषाद, मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना, मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, मंत्री धर्मवीर प्रजापति, भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, विधायक राजेश्वर सिंह, विधायक योगेश शुक्ला आदि मौजूद रहे।

पढ़ें :- 'घुसपैठ रोकना जरूरी, बीएसएफ को जमीन देने में हुई देरी...', सिलीगुड़ी में बोले अमित शाह

Disclaimer

इस लेख में व्यक्त सभी विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इन्हें केवल वेब पोर्टल पर प्रकाशन हेतु संपादित एवं व्यवस्थित किया गया है। मूल भाव, आशय एवं तथ्यों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। इस लेख में व्यक्त विचारों, मतों अथवा उनसे उत्पन्न होने वाले किसी भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष परिणाम के लिए वेब पोर्टल अथवा उसके प्रकाशक किसी भी प्रकार से उत्तरदायी नहीं होंगे।

✍️Alok Gupta

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।   

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook, YouTube और Twitter पर फॉलो करे...
Booking.com
Booking.com