1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP कांग्रेस में पदभार ग्रहण समारोह के दौरान बवाल, समर्थकों के बीच चले जूते

UP कांग्रेस में पदभार ग्रहण समारोह के दौरान बवाल, समर्थकों के बीच चले जूते

UP News : उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पार्टी के भीतर का विवाद खुलकर सामने आ गया।

By HO BUREAU 

Updated Date

UP News : उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पार्टी के भीतर का विवाद खुलकर सामने आ गया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और आराधना मिश्रा के समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की और मारपीट की नौबत आ गई। घटना के बाद मुख्यालय में करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी और गहमागहमी का माहौल बना रहा। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

पढ़ें :- विरोध नहीं करने का कोई बॉन्ड नहीं भरा, फिर सड़कों पर उतरेंगे : अभिजीत दिपके

जानकारी के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पदभार ग्रहण समारोह के दौरान अजय राय अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। इसी बीच पार्टी की एक महिला नेता और अजय राय के बीच बातचीत के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। इसके बाद अजय राय नाराज होकर कार्यालय से बाहर निकल गए। उनके समर्थकों ने संबंधित महिला नेता को बाहर करने और माफी मांगने की मांग रखी। उनका कहना था कि मांग पूरी होने के बाद ही अजय राय कार्यालय के भीतर लौटेंगे।

मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब पदभार ग्रहण समारोह में मौजूद दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच नारेबाजी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और जूते-चप्पल चलने की खबर सामने आई। कुछ लोगों ने महिलाओं के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

विवाद के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अपने साथ बदसलूकी किए जाने का आरोप लगाया। स्थिति बिगड़ती देख राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने हस्तक्षेप किया। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना भी अजय राय को मनाने के प्रयास में जुटीं। बताया जा रहा है कि प्रमोद तिवारी के आश्वासन के बाद अजय राय दोबारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को संभालने की कोशिश की गई।

हालांकि, समारोह के दौरान हुए इस घटनाक्रम ने पार्टी के भीतर आपसी मतभेदों को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल, पूरे घटनाक्रम में दोनों पक्षों के आरोपों और विवाद की परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

पढ़ें :- दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक में लगी आग, हैदराबाद में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

(आईएएनएस)

Disclaimer

इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें। 

पढ़ें :- राहुल गांधी भारत को अराजकता और विभाजन की आग में झोंक रहे हैं : सुधांशु त्रिवेदी
इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook, YouTube और Twitter पर फॉलो करे...
Booking.com
Booking.com