Delhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली भाजपा और दिल्ली सरकार मिलकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएंगी।✍️ अरविंद कुमार
Updated Date
Delhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली भाजपा और दिल्ली सरकार मिलकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएंगी। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर से होगी। इसके बाद राजधानी में सेवा, स्वच्छता,जनभागीदारी और विकास से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अभियान के दौरान दिल्ली सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। सरकार की ओर से अलग-अलग विभागों के तैयार प्रोजेक्ट जनता को समर्पित किए जाएंगे। इनमें सड़क, बिजली, पानी, सीवर, परिवहन और नागरिक सुविधाओं से जुड़े काम शामिल हैं। बरापुला एलिवेटेड रोड के फेज-3 समेत कई परियोजनाओं के लोकार्पण की भी तैयारी है।
अभियान को जमीन पर उतारने में दिल्ली सरकार के मंत्री भी सक्रिय रहेंगे। मंत्री कपिल मिश्रा को नोडल मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। सरकार के अन्य मंत्री अपने-अपने विभागों से जुड़े सेवा और विकास कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की अध्यक्षता में अभियान को संगठनात्मक रूप से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी, विधायक, सांसद, जिला और मंडल स्तर के कार्यकर्ता अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने की तैयारी में जुटेंगे। प्रदेश महामंत्री योगिता सिंह को प्रदेश संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
अभियान के दौरान दिल्ली में रक्तदान शिविर, बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान, सरकारी उपलब्धियों से जुड़े स्थलों पर विशेष रोशनी, ‘विकसित भारत’ और सरकार की उपलब्धियों पर चित्रकला प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक
आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम और इनोवेशन चैलेंज, जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अभियान में 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती और 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
सेवा संकल्प अभियान को सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम के बजाय सेवा, जनभागीदारी और विकास को जोड़ने वाले महीनेभर के अभियान के रूप में पेश करने की तैयारी है। एक तरफ मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार के मंत्री विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए सक्रिय रहेंगे, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के जरिए अभियान को राजधानी के हर मंडल और बूथ तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
✍️ अरविंद कुमार
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।