1. हिन्दी समाचार
  2. बड़ी खबर
  3. एयर इंडिया के एआई 171 विमान दुर्घटना रिपोर्ट की स्वतंत्र समीक्षा में पायलटों को शामिल करने की मांग, FIP ने उठाए तकनीकी सवाल

एयर इंडिया के एआई 171 विमान दुर्घटना रिपोर्ट की स्वतंत्र समीक्षा में पायलटों को शामिल करने की मांग, FIP ने उठाए तकनीकी सवाल

Air India : भारतीय पायलटों के संगठन फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (एफआईपी) ने नागर विमानन मंत्रालय से आग्रह किया कि स्वतंत्र समीक्षा प्रक्रिया में पेशेवर पायलटों को भी शामिल किया जाए।

By HO BUREAU 

Updated Date

Air India : भारतीय पायलटों के संगठन फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (एफआईपी) ने नागर विमानन मंत्रालय से आग्रह किया है कि एयर इंडिया की उड़ान एआई171 दुर्घटना की अंतिम जांच रिपोर्ट को अंतिम रूप देने से पहले उसकी किसी भी स्वतंत्र समीक्षा प्रक्रिया में पेशेवर पायलटों को भी शामिल किया जाए। संगठन का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए कुछ महत्वपूर्ण तकनीकी बिंदुओं की स्वतंत्र रूप से समीक्षा होना जरूरी है।

पढ़ें :- मध्य प्रदेश के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू को लिखे पत्र में एफआईपी ने कहा कि उसे जानकारी मिली है कि सरकार या मंत्रालय एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) द्वारा तैयार की जा रही मसौदा अंतिम रिपोर्ट की स्वतंत्र जांच या समीक्षा पर विचार कर रहा है या उसके लिए कदम उठा चुका है।

पायलट संगठन ने मांग की है कि यदि ऐसी कोई स्वतंत्र समीक्षा समिति गठित की जाती है, तो उसमें एफआईपी को एक स्वतंत्र तकनीकी हितधारक के रूप में औपचारिक प्रतिनिधित्व दिया जाए, ताकि पेशेवर पायलट समुदाय का अनुभव और दृष्टिकोण भी समीक्षा प्रक्रिया का हिस्सा बन सके।

एफआईपी ने अपने पत्र में कहा कि उसे विश्वसनीय रूप से पता चला है कि सरकार या मंत्रालय मसौदा रिपोर्ट को जारी या अंतिम रूप देने से पहले किसी स्वतंत्र समिति द्वारा उसकी समीक्षा कराने पर विचार कर रहा है। संगठन का मानना है कि ऐसी स्थिति में पायलट समुदाय का प्रतिनिधित्व शामिल होना आवश्यक है, क्योंकि वे विमान संचालन और उड़ान सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक अनुभव रखते हैं।

यह मांग ऐसे समय में सामने आई है जब एएआईबी 12 जून 2025 को हुए एयर इंडिया की उड़ान एआई171 दुर्घटना की जांच को अंतिम चरण में पहुंचा रहा है। यह बोइंग 787-8 विमान अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरा था। जुलाई में एएआईबी ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि दुर्घटना की अंतिम जांच रिपोर्ट अक्टूबर 2026 तक तैयार होने की उम्मीद है।

पढ़ें :- वैश्विक चिंताओं के चलते लगातार 7वें सप्ताह फिसला बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी 0.88 प्रतिशत तक टूटा

जांच भारत के विमान दुर्घटना जांच नियमों और अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन (आईसीएओ) के एनेक्स 13 ढांचे के तहत की जा रही है।

एफआईपी ने जिन तकनीकी मुद्दों पर चिंता जताई है, उनमें सबसे प्रमुख राम एयर टर्बाइन (आरएटी) से जुड़ा विषय है। आरएटी एक आपातकालीन प्रणाली होती है, जो विमान की मुख्य शक्ति व्यवस्था में गंभीर समस्या आने पर ऊर्जा और हाइड्रोलिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्वतः सक्रिय होती है।

पायलट संगठन के अनुसार, एएआईबी की प्रारंभिक रिपोर्ट में उल्लेख किया गया था कि लगभग 08:08:42 यूटीसी पर ईंधन प्रणाली में व्यवधान आया था और इसके लगभग चार सेकंड बाद आरएटी के माध्यम से हाइड्रोलिक शक्ति उत्पन्न हुई। एफआईपी का कहना है कि इस और अन्य तकनीकी निष्कर्षों का स्वतंत्र रूप से परीक्षण किया जाना चाहिए, ताकि अंतिम रिपोर्ट पूरी तरह तथ्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर तैयार हो।

संगठन का कहना है कि दुर्घटना जांच केवल जवाबदेही तय करने का मामला नहीं है, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम और विमानन सुरक्षा को मजबूत बनाने का भी माध्यम है। इसलिए अंतिम निष्कर्षों से पहले सभी महत्वपूर्ण तकनीकी बिंदुओं की निष्पक्ष और व्यापक समीक्षा आवश्यक है।

एफआईपी ने जोर देकर कहा कि पेशेवर पायलटों की विशेषज्ञता और परिचालन अनुभव जांच निष्कर्षों को बेहतर समझने तथा सुरक्षा संबंधी सिफारिशों को अधिक प्रभावी बनाने में मदद कर सकता है, इसलिए यदि सरकार स्वतंत्र समीक्षा तंत्र बनाती है, तो उसमें पायलट समुदाय को भी औपचारिक रूप से शामिल किया जाना चाहिए। (आईएएनएस)

पढ़ें :- उत्तराखंड और यूपी में भारी बारिश की चेतावनी, कई राज्यों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट

Disclaimer

इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें। 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook, YouTube और Twitter पर फॉलो करे...
Booking.com
Booking.com