1. हिन्दी समाचार
  2. दिल्ली
  3. ELECTION 2024-  लोकसभा की 102 सीटों पर बुधवार को थम गया प्रचार का शोर, पहले चरण में 8 केंद्रीय मंत्री, कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर 

ELECTION 2024-  लोकसभा की 102 सीटों पर बुधवार को थम गया प्रचार का शोर, पहले चरण में 8 केंद्रीय मंत्री, कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर 

लोकसभा की 102 सीटों पर बुधवार की शाम पांच बजे प्रचार थम गया। पहले चरण में 8 केंद्रीय मंत्री सहित कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर लगी है। देश के 21 राज्यों और केंद्रीय शासित प्रदेशों में 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव का पहला चरण होगा। जिसके तहत 102 सीटों पर मतदान होगा।

By HO BUREAU 

Updated Date

नई दिल्ली। लोकसभा की 102 सीटों पर बुधवार की शाम पांच बजे प्रचार थम गया। पहले चरण में 8 केंद्रीय मंत्री सहित कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर लगी है। देश के 21 राज्यों और केंद्रीय शासित प्रदेशों में 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव का पहला चरण होगा। जिसके तहत 102 सीटों पर मतदान होगा।

पढ़ें :- FIR वापसी, छात्र आंदोलन और E20 पेट्रोल विवाद पर देश में नई बहस

पहले चरण में आठ केंद्रीय मंत्री, दो पूर्व मुख्यमंत्री और एक पूर्व राज्यपाल चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी नागपुर लोकसभा क्षेत्र से जीत की हैट्रिक लगाने की आस लगाए बैठे हैं। गडकरी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में सात बार के सांसद विलास मुत्तेमवार को 2.84 लाख मतों से और 2019 के चुनावों में कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के वर्तमान प्रमुख नाना पटोले को 2.16 लाख मतों से हराकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दूसरी बार लगातार नागपुर सीट से विजयी बनाया था।

केंद्रीय मंत्री किरण रीजीजू अरुणाचल पश्चिम सीट से चुनाव मैदान में हैं। 52 वर्षीय भाजपा नेता 2004 से तीन बार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अरुणाचल पश्चिम लोकसभा सीट पर रीजीजू का मुकाबला पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की अरुणाचल प्रदेश इकाई के वर्तमान अध्यक्ष नबाम तुकी से है। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल असम के डिब्रूगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं।

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री रामेश्वर तेली का टिकट कटने के बाद राज्यसभा सदस्य सोनोवाल को डिब्रूगढ़ से चुनाव मैदान में उतारा गया। मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले की उम्मीद है, जहां केंद्रीय मंत्री संजीव बलियान का मुकाबला समाजवादी पार्टी (सपा) के हरेंद्र मलिक और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवार दारा सिंह प्रजापति से है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंत्रिमंडल में शामिल और दो बार के सांसद जितेंद्र सिंह उधमपुर लोकसभा सीट से लगातार तीसरी बार चुनाव जीतने की उम्मीद लगाये हुए हैं। केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सदस्य भूपेन्द्र यादव को राजस्थान की अलवर लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। यादव का मुकाबला कांग्रेस के मौजूदा विधायक ललित यादव से है।

पढ़ें :- आंबेडकर...आंबेडकर..आंबेडकर..और भड़क गई कांग्रेस ! अमित शाह पर बरस रहे सियासी शोले

राजस्थान की बीकानेर संसदीय सीट पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का मुकाबला कांग्रेस के पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल से है। तमिलनाडु की नीलगिरी लोकसभा सीट पर द्रमुक सांसद एवं पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा का मुकाबला भाजपा के एल मुरुगन से है जो केंद्रीय मत्स्य राज्य मंत्री हैं।

मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए मुरुगन पहली बार नीलगिरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। शिवगंगा लोकसभा सीट से सांसद कार्ति चिदंबरम कांग्रेस के टिकट पर पुन: मैदान में हैं और उनका मुकाबला भाजपा के टी देवनाथन यादव और अन्नाद्रमुक के जेवियर दास से है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook, YouTube और Twitter पर फॉलो करे...
Booking.com
Booking.com